Ranchi: राजधानी का बहुचर्चित 20 साल पुराने ट्रिपल मर्डर केस को अभियोजन पक्ष कोर्ट में साबित करने में पूरी तरह से नाकाम रहा। दो साल से अधिक समय से जेल में बंद रहकर ट्रायल फेस कर रहा आरोपी के खिलाफ एक भी गवाह पेश नहीं कर सका। यहां तक की जांच अधिकारी और सूचक भी नहीं पहुंचा। मामले में फरार आरोपी बिहार के समस्तीपुर जिले के थाना मुसरी घरारी क्षेत्र के मोरबा रायटोला गांव निवासी राजेश कुमार ठाकुर(61) को पुलिस ने 17 साल बाद चार सितंबर 2023 को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। तब से वह फैसला आने तक जेल में रहा। सिविल कोर्ट रांची के अपर न्यायायुक्त की अदालत ने आरोपी को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया। अदालत ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपी के विरुद्ध लगाए गए हत्या के आरोप को सिद्ध करने में पूरी तरह असफल रहा, क्योंकि पूरे वाद के दौरान एक भी साक्षी न्यायालय में प्रस्तुत नहीं हुआ। पूरा मामला साक्ष्यविहीन रहा। चुटिया इलाके में 13 जून 2005 को एक होटल में महिला और उसके दो बच्चों को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया था। महिला अपने तथाकथित पति के साथ होटल में 11 जून 2005 को ठहरी थी। अपराध करने के बाद आरोपी फरार हो गया था।
साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए सभी संभव आदेश किया गया जारी:
अभियोजन साक्षियों को अदालत में साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए सभी आवश्यक आदेश जारी किया गया। जिसमें समन, जमानतीय, गैर जमानतीय वारंट शामिल है। साथ ही एसएसपी रांची के माध्यम से गवाहों को समन पत्र आदि निर्गत किया गया। बावजूद दो साल में एक भी गवाह नहीं पहुंचा।
घटना से लेकर फैसला आने तक:
13 जून 2005 : महिला और दो बच्चों की हत्या
15 जून 2005: घटना की जानकारी होने के बाद चुटिया थाना में प्राथमिकी
30 जून 2020: घटना के 17 साल बाद आरोपी के खिलाफ चार्जशीट
3 सितंबर 2023: पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
4 सितंबर 2023: आरोपी के खिलाफ आरोप तय, आया फैसला
मामला क्या:
प्राथमिकी के अनुसार, 15 जून 2005 को चुटिया थाना क्षेत्र स्थित न्यू पटेल लॉज के कमरे नंबर 128 से एक महिला और दो बच्चों के शव बरामद किया गया था। कमरे में से तेज दुर्गंध आने की सूचना पर पुलिस ने ताला तोड़कर दरवाजा खोला, जहां पलंग पर महिला का शव और बगल में दो बच्चों के शव मिले। करीब 8 वर्षीय बच्चे के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान पाया गया था। लॉज का देखरेखकर्ता मुकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि 11 जून 2005 को एक व्यक्ति संतोष कुमार नाम से अपने परिवार के साथ लॉज में रुका था और 13 जून की रात के बाद से वह फरार हो गया। आरोप था कि उसी व्यक्ति ने पत्नी और बच्चों की हत्या कर फरार हो गया।