Ranchi News: झारखंड हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक ने गुरुवार दोपहर हाई कोर्ट परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान वे अधिवक्ता हाल पहुंचे और वहां मौजूद वकीलों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। चीफ जस्टिस ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। भ्रमण के क्रम में चीफ जस्टिस ने फाइलिंग सेक्शन और स्टांप रिपोर्टिंग सेक्शन का भी निरीक्षण किया और वहां के कार्य-प्रणाली की जानकारी ली। अधिवक्ताओं ने कई शौचालयों को चालू कराने, वकीलों के लिए नए चैंबर निर्माण तथा कोर्ट रूम के नजदीक फोटो कॉपी की सुविधा उपलब्ध कराने का सुझाव दिया।
अधिवक्ताओं ने यह भी कहा कि फोटो कॉपी की दुकान काफी दूर होने से उन्हें परेशानी होती है। इसके अलावा कोर्ट आने वाले मुवक्किलों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था की मांग भी रखी गई। इस पर चीफ जस्टिस ने कहा कि अधिवक्ताओं की ओर से आए सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।इस अवसर पर हाई कोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन की अध्यक्ष ऋतु कुमार, महासचिव नवीन कुमार, कोषाध्यक्ष प्राण प्रणय सहित कई अधिवक्ता उपस्थित थे।