Ranchi: चारा घोटाला (Chara Ghotala) मामले में सजा के खिलाफ लालू प्रसाद (Lalu Prasad) और अन्य की दायर अपीलों की सुनवाई में तेजी लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। झारखंड हाईकोर्ट में सोमवार को जस्टिस अनुभा रावत चौधरी की अदालत में हुई सुनवाई के दौरान सभी पक्षों को बताया गया कि चारा घोटाले से जुड़े (आरसी 64/1996) मामले में दायर अपील पर मंगलवार से नियमित सुनवाई शुरू होगी।
सुप्रीम कोर्ट ने 14 जुलाई को झारखंड हाईकोर्ट को इन अपीलों की सुनवाई में तेजी लाने और छह महीने के भीतर अपीलों का निपटारा करने का निर्देश दिया है। इसके अनुसार, जनवरी 2027 के मध्य तक इन मामलों में सुनवाई पूरी कर फैसला सुनाने की दिशा में आगे बढ़ना होगा।
बहस के लिए जरूरी दस्तावेजों की पहचान होगी
पिछली सुनवाई के दौरान अपीलकर्ताओं और सीबीआई की ओर से पेश अधिवक्ताओं ने कहा था कि मामले में प्रभावी बहस के लिए पहले पेपर बुक तैयार करना जरूरी है। अदालत ने पाया था कि निचली अदालत का रिकॉर्ड काफी बड़ा है। ऐसे में पूरे रिकॉर्ड की हार्ड कॉपी सभी पक्षों को उपलब्ध कराना संभव नहीं है।
रिकॉर्ड का निरीक्षण करेंगे दोनों पक्षों के वकील
इस समस्या को देखते हुए हाईकोर्ट ने अपीलकर्ताओं और सीबीआई के अधिवक्ताओं को निचली अदालत के रिकॉर्ड का निरीक्षण कर बहस के लिए आवश्यक दस्तावेजों की पहचान करने का निर्देश दिया था। इसके बाद चिह्नित दस्तावेजों की स्कैन कॉपी उपलब्ध कराने का आदेश दिया जाएगा। इससे सुनवाई के लिए जरूरी दस्तावेजों को व्यवस्थित करने और अपीलों पर नियमित बहस आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
बता दें कि देवघर से अवैध निकासी मामले में लालू प्रसाद यादव को सीबीआई कोर्ट ने साढ़े तीन साल की सजा सुनाई है। जिसके खिलाफ लालू प्रसाद की ओर से हाई कोर्ट में अपील दाखिल की गई है। उनकी ओर अधिवक्ता प्रभात कुमार और अधिवक्ता देवर्षि मंडल पक्ष रख रहे हैं।






