Ranchi: झारखंड हाई कोर्ट की महिला अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई खुलसे हुए हैं। पुलिस द्वारा तैयार की गई मृत्यु-समीक्षा रिपोर्ट (इंक्वेस्ट) और शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SBMCH) की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों और शरीर पर मौजूद निशानों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
कमरे में दुपट्टे के सहारे लटका मिला शव
मृत्यु-समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार यह घटना 22 अक्टूबर की है। दोपहर करीब 12:30 बजे बड़ा बाजार थाना पुलिस को सूचना मिली कि गुप्ता कॉम्प्लेक्स के रूम नंबर 304 में एक महिला का शव छत के पंखे से दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही बड़ा बाजार पुलिस के एसआई गौतम उरांव और महिला आरक्षी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस दस्तावेजों के मुताबिक मृतका अनुष्का चक्रवर्ती की लंबाई करीब 5 फीट 2 इंच थी और उनके दाहिने हाथ पर टैटू बना था। घटना के वक्त उन्होंने काले रंग की प्यूमा की टी-शर्ट और एडिडास का काला ट्राउजर पहन रखा था जबकि फंदे के लिए क्रीम रंग के प्रिंटेड दुपट्टे का इस्तेमाल किया गया था।
फांसी से दम घुटना और चोट के निशान
शव का पोस्टमार्टम 23 अक्टूबर 2026 को हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में किया गया। मेडिकल रिपोर्ट में कई तथ्य सामने आए हैं। डॉक्टरों की राय के मुताबिक मृतका की मौत फांसी लगने के कारण दम घुटने से हुई है। मृतक के गले के ऊपरी हिस्से में 1.5 से 2 सेंटीमीटर चौड़ा तिरछा लिगेचर मार्क यानी फंदे का निशान पाया गया है जो मृत्यु से पूर्व का है।
इसके साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका के बाएं पैर के ऊपरी हिस्से (बाहरी तरफ) में भूरे रंग का एक चोट का निशान भी दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि यह चोट मृत्यु से पहले किसी कठोर और कुंद वस्तु से लगी है। पोस्टमार्टम के समय से करीब 6 से 24 घंटे पूर्व मृत्यु होने का अनुमान लगाया गया है।
बता दें कि हजारीबाग के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र के बंगाली कॉलोनी स्थित गुप्ता कॉम्प्लेक्स के एक फ्लैट में 28 वर्षीय हाईकोर्ट की महिला वकील की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया था। मृतका की पहचान अनुष्का चक्रवर्ती के रूप में हुई है जो गुप्ता कॉम्प्लेक्स के कमरा नंबर 304 में रहती थीं।





