
Ranchi News: अनुमंडल दंडाधिकारी (एसडीओ), सदर रांची के न्यायालय द्वारा पूजा कुमारी बनाम संजय कुमार चतुर्वेदी मामले (धारा 126 बीएनएसएस) में रांची जिला बार एसोसिएशन (RDBA) के 15 से अधिक पदाधिकारियों व वकीलों को कारणपृच्छा नोटिस जारी किए जाने पर अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा है। इसके विरोध में वकीलों ने 4, 5 और 6 अगस्त को अदालती कामकाज का पूर्ण बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। सोमवार को RDBA भवन में एड-हॉक कमेटी के सदस्यों — शंभू प्रसाद अग्रवाल, मुकेश कुमार केशरी और संजय कुमार विद्रोही — की मौजूदगी में आयोजित आम सभा (G.B) में इस नोटिस को बार एसोसिएशन के खिलाफ निराधार व अनावश्यक कदम बताया गया।
आंदोलन की रूपरेखा:
- 4 अगस्त: सिविल कोर्ट बंद रहने के कारण अधिवक्ता केवल कार्यपालक (Executive) न्यायालयों के कार्यों में भाग नहीं लेंगे।
- 5 अगस्त: व्यवहार न्यायालय (Civil Courts) और कार्यपालक अदालतों सहित सभी स्तरों पर पूर्ण न्यायिक कार्य बहिष्कार रहेगा।
- 6 अगस्त: दोपहर 1:30 बजे शोक सभा के बाद कामकाज ठप रहेगा और पुनः आम सभा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि सर्वसम्मति से लिए गए इस निर्णय का उल्लंघन करने वाले अधिवक्ताओं पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।





