Ranchi News: राँची की विशेष अदालत (POCSO Act) ने बाल तस्करी के एक गंभीर मामले में संलिप्त आरोपी प्रमोद खेरवार की ओर से दायर विविध आपराधिक आवेदन को दोनों पक्षों की लंबी दलीलें सुनने के बाद खारिज कर दिया है।
अदालत के इस फैसले से आरोपी को फिलहाल बड़ी राहत नहीं मिली है। पुलिस अनुसंधान और मामले के तथ्यों के अनुसार, यह पूरा मामला बच्चों के अपहरण और तस्करी के एक बड़े संगठित गिरोह से जुड़ा हुआ है।
बच्चों से मंगवाता था भीख
आरोपी प्रमोद खेरवार पर नाबालिग बच्चों की संगठित रूप से तस्करी कर उनसे जबरन भीख मंगवाने और वित्तीय लाभ के लिए उनका शारीरिक व मानसिक शोषण करने का मुख्य आरोप है।
इस मामले में पुलिस ने धुर्वा (हटिया) थाना कांड संख्या के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए झारखंड के विभिन्न ठिकानों (जैसे कोठार-रामगढ़ और बालूमाथ-लातेहार) से कुल 52 बच्चों को सुरक्षित बरामद किया था, जिसमें इस आरोपी की सक्रिय संलिप्तता पाई गई है। आरोपी 18 जनवरी 2026 से न्यायिक हिरासत में है।
अदालत का फैसला:
अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि आवेदक का मामला जमानत पाने वाले अन्य सह-आरोपियों से बिल्कुल भिन्न है।
आरोपी प्रमोद खेरवार उन चार मुख्य व्यक्तियों में शामिल था, जिन्हें घटना के दिन गाड़ी के साथ बच्चों सहित रास्ते में पकड़ा गया था।
मामले की गंभीरता, पूर्व में उच्च न्यायालय तथा निचली अदालत द्वारा जमानत याचिका खारिज किए जाने और सह-आरोपियों से समानता न होने के आधार पर अदालत ने प्रमोद खेरवार की अर्जी नामंजूर कर दी।
फिलहाल इस मामले में अदालत में अभियोजन साक्ष्य (Prosecution Evidence) दर्ज कराने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।





