Ranchi News: झारखंड राज्य बार काउंसिल चुनाव की मतगणना शुक्रवार को समाप्त हो गई। कुल 23 पदों में से अब तक 22 उम्मीदवारों को निर्वाचित घोषित कर दिया गया है, जबकि एक उम्मीदवार महेश तिवारी के निर्वाचन पर फैसला फिलहाल लंबित रखा गया है। मुख्य निर्वाची पदाधिकारी जस्टिस अंबुज नाथ ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि महेश तिवारी को एक आपराधिक मामले में दो वर्ष की सजा होने के कारण उनके निर्वाचन पर निर्णय रोका गया है। इस संबंध में उनसे पूर्व में स्पष्टीकरण मांगा गया था, जिसका जवाब प्राप्त हो चुका है। इस पर अंतिम निर्णय शनिवार को लिया जाएगा।
मतगणना के अंतिम दिन हाई कोर्ट के अधिवक्ता मनोज कुमार (नंबर-3), धनबाद के जितेंद्र कुमार, हाई कोर्ट के अधिवक्ता अभय कुमार चतुर्वेदी और गिरिडीह के परमेश्वर मंडल ने जीत दर्ज की। इन सभी उम्मीदवारों ने निर्धारित कोटा 677 मत हासिल कर जीत सुनिश्चित की। इससे पहले अब्दुल कलाम रसीदी, ललित यादव, अभिषेक कुमार भारती, प्रशांत कुमार सिंह, मृत्युंजय कुमार श्रीवास्तव, पवन रंजन खत्री, जमशेदपुर के अनिल कुमार तिवारी, रांची सिविल कोर्ट के संजय कुमार विद्रोही, हजारीबाग के राजकुमार, हाई कोर्ट के अधिवक्ता निलेश कुमार, चाईबासा के अनिल कुमार महतो और जमशेदपुर के राजेश कुमार शुक्ला सहित अन्य उम्मीदवारों ने भी जीत दर्ज की थी।
बताया गया कि इस चुनाव में जीत के लिए 677 मतों का कोटा निर्धारित किया गया था। पांच महिला अधिवक्ता पहले ही निर्वाचित हो चुकी हैं, जबकि दो महिला अधिवक्ताओं का चयन मनोनयन के आधार पर किया जाएगा। गौरतलब है कि बार काउंसिल चुनाव के लिए 12 मार्च को मतदान हुआ था। 23 पदों के लिए कुल 100 प्रत्याशी मैदान में थे और पूरे राज्य में 75 मतदान केंद्रों पर वोटिंग कराई गई थी।

