Ranchi News: जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं को लेकर हुए आंदोलन के दौरान रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर पुतला दहन के समय हुए हंगामे और एक महिला के साथ अभद्रता के मामले में आरोपियों ने झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। इस मामले में आरोपी धनबाद निवासी चंडी तिवारी, हजारीबाग निवासी पीयूष कुमार सिंह और गिरिडीह निवासी रवींद्र पासवान ने अग्रिम जमानत के लिए उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल की है।
इससे पहले रांची सिविल कोर्ट के अपर न्यायिक आयुक्त-3 की अदालत ने तीनों आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। निचली अदालत से राहत न मिलने के बाद आरोपियों ने अब हाईकोर्ट में गुहार लगाई है। मालूम हो कि मामले में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। दो मामले में अग्रिम जमानत मिल चुकी है।
क्या है पूरा मामला?
रांची की एक महिला द्वारा कोतवाली थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, अल्बर्ट एक्का चौक पर पुतला दहन और हंगामे के दौरान आरोपियों (चंडी तिवारी, जयप्रकाश, पीयूष कुमार सिंह और रवींद्र पासवान) पर उनके साथ अभद्रता करने और जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अब हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई होनी बाकी है।
घटना और प्राथमिकी: मामला रांची के कोतवाली थाना कांड संख्या 182/2026 से जुड़ा है, जो 21 अगस्त 2026 की शाम चडरी तालाब (अल्बर्ट एक्का चौक/फिरायालाल मार्ग) के पास हुई घटना पर दर्ज है। पीड़िता के अनुसार, प्रदर्शनकारियों के जुलूस के दौरान भीड़ ने उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और कपड़े फाड़कर लज्जा भंग करने का प्रयास किया।
गंभीर धाराएं: मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 190, 115(2), 117(2) और धारा 76 (महिला की लज्जा भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल प्रयोग) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।





