Ranchi News: झारखंड हाईकोर्ट ने लातेहार जिले के बहुचर्चित चांदवा पुलिस पिकेट/गश्ती दल हमला मामले में आरोपी रामजीत नगेशिया उर्फ रामू को बड़ी राहत दी है। हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति रंगन मुखोपाध्याय और न्यायमूर्ति राम शर्मा की खंडपीठ ने निचली अदालत के आदेश को निरस्त करते हुए याचिकाकर्ता रामजीत नगेशिया की जमानत याचिका स्वीकार कर ली है। अदालत ने रामजीत नगेशिया को 10,000 रुपये के दो मुचलके (Bail Bond) पर जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया, साथ ही यह शर्त रखी कि वह निचली अदालत में सुनवाई की प्रत्येक तिथि पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेगा।
क्या है पूरा मामला?
22 नवंबर 2019 की रात करीब 8:00 बजे लातेहार के चांदवा थाना क्षेत्र स्थित लुकुइया मोड़ पर गश्ती कर रही पुलिस जीप पर प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन सीपीआई (माओवादी) के दस्ते ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी थी। इस भीषण आतंकी हमले में 4 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे और उग्रवादी सरकारी हथियार व गोलियां लूटकर नारेबाजी करते हुए फरार हो गए थे। घटना के बाद चश्मदीद होमगार्ड जवान दिनेश राम के बयान पर चांदवा थाने में मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए गृह मंत्रालय (MHA) के आदेश पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 22 जून 2020 को केस (RC No. 25/2020/NIA/DLI) टेकओवर कर जांच शुरू की थी। एनआईए ने मामले में पूरक आरोप पत्र दाखिल कर कई आरोपियों को नामजद किया था।
अदालत में दी गई दलीलें
बचाव पक्ष (अपीलकर्ता) की ओर से: अपीलकर्ता के अधिवक्ता अभिनव कुमार ने अदालत को बताया कि रामजीत नगेशिया प्राथमिकी (FIR) में नामजद नहीं था। उसे केवल सह-आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर आरोपी बनाया गया है। याचिकाकर्ता पर हमलावर टीम का हिस्सा होने का आरोप नहीं है, बल्कि उस पर पुलिस की आवाजाही की रेकी (सूचना देने) का आरोप है। समान आरोपों वाले सह-आरोपी फगुना गंझू और बैजनाथ गंझू को हाईकोर्ट से पहले ही जमानत मिल चुकी है। इसके अलावा, याचिकाकर्ता 4 नवंबर 2020 से (लगभग 6 साल से) लगातार हिरासत में है और मामले में 89 गवाहों की सुनवाई होनी है, जिससे ट्रायल जल्द पूरा होने की संभावना कम है।
एनआईए (NIA) की ओर से: एनआईए की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अमित कुमार दास ने जमानत का कड़ा विरोध करते हुए तर्क दिया कि रामजीत नगेशिया सीपीआई (माओवादी) का सब-जोनाल कमांडर रहा है। वह हमले की साजिश रचने के लिए बूढ़ा पहाड़ और बुलबुल जंगल में हुई बैठकों में शामिल था। घटना के दिन वह ‘रेकी/ऑब्जर्विंग टीम’ का हिस्सा था और वॉक-टॉक के जरिए पुलिस वाहन की लोकेशन हमलावर टीम तक पहुंचा रहा था।





