Ranchi News: तेज धारदार चाकू से हमला कर महेंद्र बेदिया की हत्या करने के मामले में ट्रायल फेस कर रहे दो सगे भाइयों को अदालत ने साक्ष्य के अभाव में मंगलवार को बरी कर दिया। अपर न्यायायुक्त शैलेन्द्र कुमार की अदालत ने आरोपी विकास मुंडा और उसके छोटे भाई सूरज मुंडा को दोषमुक्त घोषित किया। मामला जगन्नाथपुर थाना कांड संख्या 275/2023 से संबंधित था। बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता प्रितांशु कुमार सिंह ने पैरवी की। बताया गया कि विकास मुंडा घटना के बाद से लगातार जेल में रहकर ट्रायल फेस कर रहा था। मामला 21 जून 2023 को जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में आयोजित रथ मेला के दौरान हुई घटना से जुड़ा था।
प्राथमिकी के अनुसार मृतक महेंद्र बेदिया और आरोपी सूरज मुंडा के बीच साइकिल स्टैंड को लेकर विवाद हुआ था, जिसे स्थानीय लोगों ने शांत करा दिया था। आरोप था कि इसके बाद सूरज मुंडा ने महेंद्र बेदिया को आवाज देकर बुलाया और उसके पास पहुंचते ही दोनों भाइयों ने तेज धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महेंद्र बेदिया को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। घटना को लेकर मृतक की पत्नी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने पाया कि अभियोजन पक्ष आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त और ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद न्यायालय ने दोनों आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया।





