Ranchi: सिविल कोर्ट रांची के पॉक्सो मामले के विशेष न्यायाधीश की अदालत ने 20 नवंबर, गुरुवार को नाबालिग से गैंग रेप मामले में प्रेमी दीपक कुमार सहित चार युवकों नितेश कुमार, बंटी तिर्की और गोपाल कोइरी को दोषी करार दिया है। अदालत में 22 नवंबर को सजा पर सुनवाई होगी। एक अन्य आरोपी नाबालिग है, जिसका मामला बाल न्यायालय में विचाराधीन है। अभियोजन के अनुसार, पीड़िता की आरोपी दीपक से पूर्व परिचय था। 2 अक्टूबर 2023 को दीपक ने उसे मिलने के लिए धुर्वा डैम बुलाया और बाद में खूंटी रोड स्थित डियर पार्क ले गया। जहां शारीरिक संबंध बनाया। वहीं से उसने अपने दोस्तों को भी बुलाया और सभी ने मिलकर उसे दशम फॉल ले जाने का दबाव बनाया।
पीड़िता के मना करने के बावजूद आरोपियों ने उसे घुमाने के बहाने वहां ले जाया, जहां उसके साथ सभी ने गंभीर आपराधिक कृत्य किया गया। अगले दिन 3 अक्टूबर को दीपक ने उसे धुर्वा डैम के पास छोड़ दिया। घर पहुंचकर पीड़िता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके आधार पर धुर्वा-हटिया थाना में मामला दर्ज हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। विशेष अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चारों को दोषी पाया है। सजा का निर्णय 22 नवंबर को सुनाया जाएगा।

