Ranchi: झारखंड हाईकोर्ट के जस्टिस संजय कुमार द्विवेदी की अदालत ने रिश्वत लेने के आरोप में जेल में बंद गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड के तत्कालीन प्रधान लेखपाल राजकुमार सहनी को जमानत प्रदान कर दी है। उनकी ओर से दाखिल जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी करने के बाद न्यायालय ने जेल में बिताई गई अवधि को देखते हुए याचिका स्वीकार कर ली। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता अनिल कुमार सिंह महाराणा ने पक्ष रखते हुए कहा कि उनके मुवक्किल निर्दोष हैं और उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है। उन्होंने दलील दी कि मामले में उचित आधार न होने के बावजूद एसीबी ने कार्रवाई की।
गौरतलब है कि 28 अगस्त को एसीबी की टीम ने राजकुमार सहनी को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई सिसई प्रखंड के जनसेवक धनंजय प्रसाद की शिकायत के आधार पर की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सहनी ने धनंजय प्रसाद की भविष्य निधि (PF) की राशि जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। शिकायत की जांच के बाद एसीबी ने जाल बिछाकर सहनी को रिश्वत की राशि स्वीकार करते ही पकड़ लिया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। अदालत से जमानत मिलने के बाद उनके रिहा होने का रास्ता साफ हो गया है।




