Ranchi News: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) और रायपुर की एक निजी कंपनी ‘मेसर्स आशा कंस्ट्रक्शन’ (M/s Asha Construction) के बीच चल रहे संविदा विवाद के निपटारे के लिए झारखंड हाईकोर्ट ने मध्यस्थ (Arbitrator) की नियुक्ति कर दी है। चीफ जस्टिस एम.एस. सोनक की एकल पीठ ने 20 नवंबर 2026 को इस मामले की सुनवाई करते हुए झारखंड हाईकोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस जया रॉय को एकल आर्बिट्रेटर नियुक्त किया है। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि समय-सीमा (Limitation) और अंतिम भुगतान के निपटारे जैसे तकनीकी व कानूनी पहलुओं पर निर्णय लेने का अधिकार नियुक्त किए गए आर्बिट्रेटर के पास ही सुरक्षित रहेगा।
क्या है पूरा मामला?
आर्बिट्रेशन के लिए याचिका: रायपुर (छत्तीसगढ़) स्थित मेसर्स आशा कंस्ट्रक्शन ने सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल), रांची के खिलाफ ‘आर्बिट्रेशन एंड कंसिलिएशन एक्ट, 1996’ की धारा 11 के तहत मध्यस्थ की नियुक्ति के लिए झारखंड हाईकोर्ट में याचिका (Arbitration Application No. 28 of 2026) दायर की थी।
31 जुलाई 2018 का एग्रीमेंट: आवेदक कंपनी (अधिवक्ता सिंकी शेरोन डेमटा) की ओर से अदालत को बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच 31 जुलाई 2018 को एक एग्रीमेंट हुआ था, जिसके क्लॉज नंबर-13 (Clause No. 13) में विवाद उत्पन्न होने पर मध्यस्थता (Arbitration) का स्पष्ट प्रावधान है।
सीसीएल की दलील: 2022 में ही हो चुका है अंतिम भुगतान
सुनवाई के दौरान सीसीएल की ओर से अधिवक्ता स्वाति शालिनी ने आवेदन का विरोध करते हुए तर्क दिया कि आवेदक कंपनी द्वारा प्रस्तुत अंतिम बिल का निपटारा वर्ष 2022 में ही किया जा चुका है। आवेदक ने बिना किसी विरोध (Protest) के वह राशि स्वीकार भी कर ली थी। ऐसे में अब उठाया जा रहा दावा न केवल निराधार है, बल्कि कानूनन समय-बाधित (Barred by Limitation) और ‘संतुष्टि एवं स्वीकृति के सिद्धांत’ के तहत अमान्य है।
हाईकोर्ट का आदेश और प्रमुख निर्देश
चीफ जस्टिस एम.एस. सोनक ने सुप्रीम कोर्ट के महत्वपूर्ण फैसले (In Re: Interplay Between Arbitration Agreements under Arbitration and Conciliation Act, 1996 and Stamp Act, 1899) और हाईकोर्ट के पूर्व आदेश (मेसर्स पी.के. अग्रवाल बनाम मेकॉन लिमिटेड) का हवाला देते हुए मध्यस्थ नियुक्ति के लिए मामले को उपयुक्त पाया। कोर्ट ने अपने आदेश में निम्नलिखित प्रमुख निर्देश दिए हैं:
जस्टिस जया रॉय बनीं आर्बिट्रेटर: झारखंड हाईकोर्ट की पूर्व जज जस्टिस जया रॉय को दोनों पक्षों के बीच उत्पन्न विवाद के निपटारे के लिए एकल आर्बिट्रेटर नियुक्त किया गया है।
सीसीएल की सभी आपत्तियां सुरक्षित: अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल आर्बिट्रेटर की नियुक्ति से सीसीएल के कानूनी बचाव का अधिकार प्रभावित नहीं होता है। समय-सीमा (Limitation), छूट (Waiver) और 2022 में भुगतान के निपटारे से जुड़ी सीसीएल की सभी आपत्तियां खुली रखी गई हैं, जिन पर आर्बिट्रेटर स्वयं विचार कर फैसला लेंगे।
4 सप्ताह में डिस्क्लोजर स्टेटमेंट: नवनियुक्त आर्बिट्रेटर से अनुरोध किया गया है कि आदेश की प्रति प्राप्त होने के चार सप्ताह के भीतर अधिनियम की धारा 11(8) और 12(1) के तहत वैधानिक प्रकटीकरण विवरण (Statutory Statement of Disclosure) दोनों पक्षों को भेजें।
शीघ्र निपटारे और शुल्क का निर्देश: आर्बिट्रेटर अधिनियम की धारा 29(A) के प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए यथाशीघ्र कार्यवाही पूरी करने का प्रयास करेंगे। प्रारंभिक तौर पर मध्यस्थता का खर्च और शुल्क दोनों पक्षों द्वारा बराबर वहन किया जाएगा, जो अधिनियम की चौथी अनुसूची (Fourth Schedule) से शासित होगा।




