HC News: सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने झारखंड हाई कोर्ट में नए डेटा सेंटर का उद्घाटन के दौरान कहा कि तकनीक न्याय व्यवस्था को मजबूत और आम लोगों के लिए सुलभ बनाने का माध्यम है, लेकिन यह न्यायाधीशों के विवेक और मानवीय निर्णय का विकल्प नहीं हो सकती। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डिजिटल उपकरण कानूनी शोध, दस्तावेजों के प्रबंधन और सूचनाओं के आदान-प्रदान में मददगार हो सकते हैं, लेकिन साक्ष्यों का निष्पक्ष मूल्यांकन करना और संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप फैसला देना न्यायाधीशों की जिम्मेदारी है।
सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि न्यायिक व्यवस्था में तकनीक के इस्तेमाल के दौरान गोपनीयता, सटीकता, जवाबदेही और मानवीय निगरानी का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। डिजिटाजेशन का उद्देश्य आम लोगों के लिए न्याय तक पहुंच आसान बनाना होना चाहिए। तकनीकी सुविधाओं के कारण किसी जरूरतमंद व्यक्ति के सामने नई बाधाएं खड़ी नहीं होनी चाहिए।
न्याय वितरण प्रणाली बनेगी मजबूत

सीजेआई ने कहा कि जिस तरह बड़ी नदी को कई छोटी धाराओं से ताकत मिलती है, उसी तरह अलग-अलग डिजिटल सुविधाएं मिलकर न्याय वितरण प्रणाली को मजबूत बनाएंगी। इन पहलों की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि तकनीकी व्यवस्था का रखरखाव कितना बेहतर होता है और जरूरतमंद लोगों को इसका कितना लाभ मिलता है। इसके लिए हाईकोर्ट, रजिस्ट्री, आईटी टीम और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
कार्यक्रम में झारखंड हाईकोर्ट के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश, जस्टिस चंद्रशेखर, जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद, कंप्यूटरीकरण एवं डिजिटलीकरण समिति के अध्यक्ष जस्टिस आनंद सेन, समिति के सदस्य जस्टिस संजय कुमार समेत अन्य न्यायाधीश मौजूद रहे। इसके अलावा राज्य के महाधिवक्ता, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल, एडवोकेट्स एसोसिएशन के पदाधिकारी, अधिवक्ता और न्यायिक अधिकारी भी शामिल हुए।
आधुनिक डेटा सेंटर और पांच डिजिटल सेवाओं का उदघाटन
झारखंड हाईकोर्ट में अत्याधुनिक डेटा सेंटर, नई आधिकारिक वेबसाइट समेत पांच डिजिटल सुविधाओं का उद्घाटन किया गया। इनमें राज्य की सिविल अदालतों के लिए ऑनलाइन सर्टिफाइड कॉपी आवेदन प्रणाली, अधिवक्ताओं के लिए पर्सनलाइज्ड कॉज लिस्ट और ड्रैगन स्पीच-टू-टेक्स्ट सॉफ्टवेयर भी शामिल हैं। इन सुविधाओं के शुरू होने से न्यायिक कामकाज में तेजी आएगी और मुवक्किलों , अधिवक्ताओं तथा न्यायिक अधिकारियों को कई स्तरों पर राहत मिलेगी।
दूर-दराज के वादकारियों को मिलेगी राहत
नई ऑनलाइन सर्टिफाइड कॉपी प्रणाली के माध्यम से लोग सिविल अदालतों के आदेश और फैसलों की प्रमाणित प्रति के लिए घर बैठे आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें बार-बार अदालतों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे खासकर दूर-दराज के जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले वादकारियों का समय और पैसा बचेगा।
वहीं, पर्सनलाइज्ड कॉज लिस्ट के माध्यम से अधिवक्ताओं को उनके मामलों से संबंधित दैनिक वाद सूची डिजिटल रूप में उपलब्ध होगी। इससे उन्हें अपने मामलों की सुनवाई की तैयारी करने और समय का बेहतर प्रबंधन करने में मदद मिलेगी। ड्रैगन स्पीच-टू-टेक्स्ट सॉफ्टवेयर के जरिए बोलकर अदालती आदेशों और फैसलों का प्रारूप तैयार किया जा सकेगा। इससे दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया तेज होगी।
नई वेबसाइट पर मिलेगी मुकदमों की जानकारी
हाईकोर्ट की नई वेबसाइट को नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसके माध्यम से लोग मुकदमों की स्थिति, अदालती आदेश और नोटिस जैसी जानकारियां आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। वहीं, अत्याधुनिक डेटा सेंटर में न्यायिक रिकॉर्ड, इलेक्ट्रॉनिक फाइलों और अन्य महत्वपूर्ण आंकड़ों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था होगी। इससे न्यायिक सूचनाओं का बेहतर प्रबंधन और उनका तेजी से इस्तेमाल संभव होगा।





