HC News: हाई कोर्ट के जस्टिस एके चौधरी की अदालत में ईडी अधिकारियों के खिलाफ एससी- एसटी एक्ट के तहत दर्ज प्राथमिकी को रद्द करने के मामले में सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद अदालत ने जवाब दाखिल नहीं किए जाने पर सोमवार को राज्य सरकार पर आठ हजार का हर्जाना लगाया।
जस्टिस एके चौधरी की अदालत ने हर्जाने की राशि झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार( झालसा) के पास जमा करने का निर्देश दिया है। पिछली सुनवाई में भी हाईकोर्ट ने प्रतिवादी हेमंत सोरेन पर 10 हजार रुपये का हर्जाना लगाया था। ईडी की ओर से एएसजीआई एस बी राजू, वरीय अधिवक्ता एके दास और सौरव ने पक्ष रखा
ईडी अधिकारियों ने दाखिल की है याचिका
यह याचिका ईडी के तत्कालीन अधिकारियों कपिल राज, देवव्रत झा समेत अन्य की ओर से दाखिल की गई है। इसमें हेमंत सोरेन की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी को रद्द करने का आग्रह हाईकोर्ट से किया गया है।
हेमंत सोरेन ने 31 जनवरी 2024 को रांची के एससी-एसटी थाने में ईडी के अधिकारियों कपिल राज, देवव्रत झा, अनुपम कुमार, अमन पटेल समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
ईडी सीएम को किया था समन
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ईडी के अधिकारियों ने उन्हें 29 से 31 जनवरी 2024 तक रांची में रहने को कहा था। इसी दौरान उनकी अनुपस्थिति में दिल्ली स्थित उनके आवास पर बिना पूर्व सूचना के छापेमारी की गई।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया था कि इस कार्रवाई से उन्हें मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया गया। साथ ही केंद्रीय एजेंसी पर मीडिया के माध्यम से भ्रामक सूचनाएं फैलाकर उनकी छवि खराब करने का भी आरोप लगाया गया था।
ईडी अधिकारियों ने प्राथमिकी को निराधार बताते हुए इसे रद्द करने को याचिका दायर की है। इस याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने सरकार को जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया था। सरकार ने जवाब दाखिल करने के लिए अदालत से समय देने का आग्रह किया था।




