HC News: झारखंड में बार, रेस्तरां, पार्टियों और इवेंट्स के जरिए कथित तौर पर नशीले पदार्थों की सप्लाई के मामले में झारखंड हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। सुनील कुमार महतो ने याचिका के माध्यम से रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में सामने आए ड्रग्स तस्करी और नशीले पदार्थों के इस्तेमाल से जुड़े मामलों की जांच कराकर विस्तृत रिपोर्ट अदालत में पेश करने की मांग की गई है।
डीजीपी, एसएसपी और रेस्तरां को बनाया है प्रतिवादी
याचिका में राज्य सरकार, डीजीपी, रांची के एसएसपी, लालपुर और गोंदा थाना प्रभारी, ड्रग कंट्रोलर, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के रांची जोन, रांची नगर निगम सहित कई बार और रेस्तरां को प्रतिवादी बनाया गया है। याचिकाकर्ता ने विशेष रूप से यह स्पष्ट करने की मांग की है कि तीन अक्तूबर की रात रांची के बार और होटलों में हुई छापेमारी के दौरान नशीले पदार्थों से संबंधित मामलों की भी जांच की गई थी या नहीं।
मीडिया की खबरों का दिया हवाला
याचिका में सितंबर और अक्तूबर के दौरान मीडिया में प्रकाशित कई खबरों का उल्लेख किया गया है। इनमें 24 सितंबर को दुमका में 1710 बोतल कफ सिरप और 7200 अल्प्राजोलम टैबलेट की बरामदगी तथा दो आरोपियों की गिरफ्तारी का मामला शामिल है। दो अक्तूबर को रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र में एनसीबी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 97 किलो गांजा बरामद होने और तीन लोगों की गिरफ्तारी का भी उल्लेख है।
इसी तरह चार अक्टूबर को खूंटी में 120 बोतल कफ सिरप और 2295 टैबलेट के साथ एक व्यक्ति की गिरफ्तारी तथा 24 अक्तूबर को देवघर में करीब 1.8 किलो गांजा और 10.77 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर की बरामदगी का हवाला दिया गया है।
एनसीबी की कार्रवाई
याचिका में 21 से 24 अक्तूबर के बीच रांची-जमशेदपुर नेटवर्क को लेकर एनसीबी की कार्रवाई का भी उल्लेख है। इसके तहत छह लोगों की गिरफ्तारी और करीब 18 ग्राम कोकीन, 16.5 ग्राम एमडीएमए तथा 3.5 ग्राम गांजा जब्त किए जाने की बात कही गई है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस मामले में रेव पार्टियों में नशीले पदार्थों की कथित सप्लाई और इवेंट कंपनियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।




