*10.10 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ी गई महिला ने अदालत में कबूल किया था अपराध, तीन साल दो महीने की सजा घटाकर पहले से काटी गई अवधि की
Ranchi News: झारखंड हाईकोर्ट ने हेरोइन रखने के मामले में दोषी ठहराई गई 66 वर्षीय विधवा महिला मोहिनी देवी उर्फ मोहिनी शर्मा की सजा घटाकर उसके द्वारा पहले से काटी गई अवधि तक सीमित कर दी है। अदालत ने महिला की उम्र, विधवा होने और बरामद मादक पदार्थ की मात्रा सहित अन्य परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला सुनाया। महिला ने करीब एक साल तीन महीने जेल में बिताए हैं। हाईकोर्ट ने निर्देश दिया कि यदि वह किसी अन्य मामले में वांछित नहीं है, तो उसे तत्काल जेल से रिहा किया जाए। हालांकि, निचली अदालत द्वारा लगाया गया 30 हजार रुपये का जुर्माना और जुर्माना नहीं देने पर तीन महीने की साधारण कैद का आदेश बरकरार रखा गया है।
न्यायमूर्ति राजेश कुमार की अदालत में हुई सुनवाई
हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति राजेश कुमार की अदालत ने गुरुवार को क्रिमिनल अपील (एसजे) संख्या 806/2026 पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। मोहिनी देवी को रांची के सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 359/2025 से जुड़े एनडीपीएस मामले में अपर न्यायायुक्त-XVII की अदालत ने 26 फरवरी 2026 को दोषी ठहराया था। उसे एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 29 के तहत तीन साल दो महीने के कठोर कारावास तथा 30 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई थी। जुर्माना नहीं देने पर तीन महीने की अतिरिक्त साधारण कैद का भी प्रावधान था।
चश्मे के डिब्बे में छिपाकर रखी थी हेरोइन
मामले के अनुसार, 10 जुलाई 2025 को पुलिस ने मोहिनी देवी के घर से हेरोइन के 50 पुड़िया बरामद किए थे। इनका कुल वजन 10.10 ग्राम बताया गया है। हेरोइन चश्मे के एक डिब्बे में छिपाकर रखी गई थी। महिला के पास इसे रखने से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं थे। मामले में पुलिस ने जांच के बाद एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में आरोपपत्र दाखिल किया था। महिला ने मुकदमे के दौरान अपना अपराध स्वीकार कर लिया था। इसी आधार पर निचली अदालत ने उसे दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई थी।
सजा को बताया गया था अधिक
हाईकोर्ट में महिला की ओर से अधिवक्ता विजयंत वर्मा ने दोषसिद्धि को चुनौती नहीं दी। उन्होंने केवल सजा की अवधि को अधिक बताते हुए उसमें कमी करने की मांग की। बचाव पक्ष ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 32बी का हवाला देते हुए कहा कि महिला की उम्र करीब 66 वर्ष है और वह विधवा है। निचली अदालत के फैसले में उसके आपराधिक इतिहास का उल्लेख तो है, लेकिन इसके समर्थन में किसी मामले का नंबर या अन्य तथ्य नहीं दिए गए हैं। साथ ही, बरामद हेरोइन की मात्रा छोटी मात्रा की निर्धारित सीमा से थोड़ी ही अधिक थी। हाईकोर्ट ने माना कि निचली अदालत ने सजा तय करते समय इन परिस्थितियों पर उचित विचार नहीं किया। अदालत ने सजा को महिला की अब तक काटी गई अवधि, करीब एक साल तीन महीने, तक सीमित कर दिया। इसके साथ ही अपील का निपटारा कर दिया गया।




