Ranchi News: रांची (झारखंड High Court): चारा घोटाला मामले (Fodder Scam) में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव से जुड़ी अपील याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट में बुधवार को अहम सुनवाई हुई। न्यायमूर्ति अनुभा रावत चौधरी की अदालत में लालू प्रसाद के अधिवक्ता ने उनका पक्ष रखते हुए कहा कि ट्रेजरी (कोषागार) से अधिक पैसे की निकासी होना एक बात है और धोखाधड़ी से राशि निकालने की जानकारी होना अलग बात है।
अधिवक्ता ने तर्क दिया कि लालू प्रसाद को ट्रेजरी से हुई इस कथित फर्जी निकासी की कोई जानकारी नहीं थी और उन्हें इस मामले में गलत तरीके से आरोपी बनाया गया है। हाईकोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 2 नवंबर की तिथि निर्धारित की है।
अदालत में लालू प्रसाद के वकील की मुख्य दलीलें
ट्रेजरी नियमों और प्रक्रिया का उल्लंघन:
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के वकील ने कहा कि संबंधित दस्तावेजों में विभिन्न जिलों को भेजे गए पत्रों का उल्लेख तो है, लेकिन संबंधित जिलों द्वारा ट्रेजरी के माध्यम से खर्च की गई राशि का ब्योरा प्राप्त नहीं हुआ था।
ट्रेजरी नियमों के अनुसार, हर महीने के अंत में उपयोगिता प्रमाणपत्र (Utilization Certificate) के साथ बिल और वाउचर महालेखाकार कार्यालय (AG Office) को भेजे जाने चाहिए थे, लेकिन इस तय प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया था।
वित्तीय अधिकारियों पर सवाल:
लालू प्रसाद के अधिवक्ता ने बड़ा सवाल उठाते हुए दलील दी कि जिस अवधि में यह घोटाला हुआ, उस दौरान संबंधित जिलों में पदस्थापित किसी भी उपायुक्त (DC) या महालेखाकार कार्यालय के किसी अधिकारी को इस मामले में आरोपी नहीं बनाया गया।
जबकि राशि के हिसाब-किताब, ऑडिटिंग और वित्तीय निगरानी रखने की मुख्य जिम्मेदारी इन्हीं अधिकारियों की थी।




