Ranchi News: झारखंड में सहायक आचार्य नियुक्ति प्रक्रिया में लागू नॉर्मलाइजेशन (Normalization) नियम को चुनौती देने वाली गिरधर रावत एवं अन्य की 103 याचिकाओं पर गुरुवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत में सुनवाई के दौरान बीआईटी मेसरा (BIT Mesra) की ओर से शपथ पत्र के माध्यम से अपनी जांच रिपोर्ट दाखिल कर दी गई है। रिपोर्ट में कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा अपनाए गए नॉर्मलाइजेशन नियम को नियमानुसार सही ठहराया गया है। अदालत ने इस मामले की विस्तृत सुनवाई के लिए 20 नवंबर की तिथि निर्धारित की है।
क्या है पूरा मामला?
याचिकाकर्ताओं का आरोप: याचिकाकर्ताओं की ओर से अदालत को बताया गया कि उनके प्राप्तांक (Marks) अधिक होने के बावजूद, उनसे कम अंक पाने वाले अभ्यर्थियों का चयन नियुक्ति के लिए कर लिया गया, जबकि उन्हें चयन प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया। प्रार्थियों का मुख्य आरोप है कि जेएसएससी द्वारा अपनाए गए नॉर्मलाइजेशन फॉर्मूला/नियम के कारण उनके अंकों में कमी आई, जिससे उनका चयन प्रभावित हुआ।
अदालत का पिछला निर्देश: इससे पूर्व हुई सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने बीआईटी मेसरा को यह तकनीकी जांच करने का निर्देश दिया था कि जेएसएससी द्वारा सहायक आचार्य नियुक्ति में अपनाया गया नॉर्मलाइजेशन नियम सही है या नहीं। अदालत के इसी आदेश के पालन में संस्थान ने अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट अदालत को सौंपी है।




