Ranchi News: वैज्ञानिक सर जगदीश चंद्र बोस की गिरिडीह स्थित 89 साल से बंद लोहे की तिजोरी और उनके ऐतिहासिक आवास की बदहाल स्थिति के मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है। हाईकोर्ट ने इस मामले को जनहित याचिका के रूप में दर्ज करने का निर्देश दिया है। साथ ही राज्य के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव और गिरिडीह के उपायुक्त को प्रतिवादी बनाते हुए शपथपत्र के माध्यम से जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। हाईकोर्ट ने कहा है कि तिजोरी में वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बोस के शोध से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज हो सकते हैं, जो वैज्ञानिक समुदाय और मानवता के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।
किस खंडपीठ ने लिया संज्ञान?
जस्टिस रोंगोन मुखोपाध्याय और जस्टिस राम शर्मा की खंडपीठ ने बुधवार को मीडिया रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए यह आदेश दिया। अदालत ने मामले के महत्व को देखते हुए इसे स्वतः संज्ञान वाली जनहित याचिका के रूप में दर्ज करने का निर्देश दिया। इस मामले को मुख्य न्यायाधीश के समक्ष रखने का भी निर्देश दिया गया है।
1937 में हुआ था निधन, तब से बंद है तिजोरी
हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि प्रसिद्ध वैज्ञानिक सर जगदीश चंद्र बोस का निधन 23 नवंबर 1937 को गिरिडीह स्थित उनके आवास शांति भवन में हुआ था। यह भवन अब सर जेसी बोस संग्रहालय के नाम से जाना जाता है। उनके निधन के 89 साल बाद भी वहां रखी लोहे की तिजोरी नहीं खोली गई है। अदालत ने कहा कि इस तिजोरी में वैज्ञानिक के शोध कार्यों से जुड़े बहुमूल्य दस्तावेज होने की संभावना है। ऐसे में इसे खोला जाना आवश्यक है। इसमें मौजूद दस्तावेज वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।
ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए योजना बनाने की जरूरत
हाईकोर्ट ने वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बोस के संग्रहालय की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताई है। अदालत ने कहा कि झारखंड के कई अन्य ऐतिहासिक स्थलों की तरह यह संग्रहालय भी जर्जर स्थिति में है। राज्य के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग को ऐतिहासिक और विरासत स्थलों की पहचान कर उनके संरक्षण एवं जीर्णोद्धार के लिए दीर्घकालीन योजना बनाने की जरूरत है।
वैज्ञानिक के योगदान का उल्लेख
अदालत ने वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बोस के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि वे रेडियो विज्ञान और पादप शरीर विज्ञान के क्षेत्र में अग्रणी वैज्ञानिक थे। उन्होंने क्रेस्कोग्राफ सहित कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक उपकरण विकसित किए थे। विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उनकी विरासत का संरक्षण आवश्यक है।


