Ranchi News: झारखंड स्टेट बार काउंसिल(JSBC) के बहुप्रतीक्षित चुनाव की औपचारिक घोषणा कर दी गई है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश और हाई पावर्ड इलेक्शन कमेटी की मंजूरी के बाद झारखंड स्टेट बार काउंसिल ने वर्ष 2026-31 के कार्यकाल के लिए 23 सदस्यों के चुनाव का शेड्यूल जारी किया है। मतदान 12 मार्च 2026 को अधिमान्य मतदान प्रणाली (प्रेफरेंशियल वोटिंग सिस्टम) के तहत कराया जाएगा। चुनाव अधिसूचना के अनुसार, यह चुनाव सुप्रीम कोर्ट के 18 नवंबर 2025 और 8 दिसंबर 2025 को पारित आदेशों के अनुपालन में कराया जा रहा है। चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत 20 जनवरी 2026 से होगी, जब अस्थायी मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 21 से 27 जनवरी तक मतदाता सूची पर आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। अंतिम मतदाता सूची 3 फरवरी 2026 को प्रकाशित होगी। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 10 और 11 फरवरी को होगी। नामांकन पत्रों की जांच 13 फरवरी को की जाएगी, जबकि उम्मीदवारों की सूची 14 फरवरी को जारी होगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 17 फरवरी निर्धारित की गई है और 18 फरवरी को अंतिम उम्मीदवार सूची प्रकाशित की जाएगी।

बार काउंसिल ऑफ इंडिया के निर्देश के अनुसार, झारखंड स्टेट बार काउंसिल की कुल सदस्य संख्या 25 है, जिसमें से 7 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इनमें 5 सीटें चुनाव के माध्यम से और 2 सीटें सह-नामांकन (को-ऑप्शन) से भरी जाएंगी। इसी आधार पर इस बार कुल 23 सदस्यों का ही चुनाव कराया जाएगा। साथ ही यह भी प्रावधान है कि निर्वाचित सदस्यों में न्यूनतम संख्या ऐसे अधिवक्ताओं की होगी, जो कम से कम 10 वर्षों से स्टेट रोल पर दर्ज हों। चुनाव की पूरी प्रक्रिया झारखंड स्टेट बार काउंसिल, डोरंडा स्थित नॉर्थ ऑफिस परिसर में संपन्न होगी। मतदान राज्य भर में निर्धारित मतदान केंद्रों पर कराया जाएगा, जबकि मतगणना की तिथि और स्थान का निर्णय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा किया जाएगा। बार काउंसिल चुनाव को लेकर राज्यभर के अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि यह चुनाव अधिवक्ताओं के प्रतिनिधित्व और बार की नीतियों को दिशा देने में अहम भूमिका निभाता है।