Ranchi/H Court: झारखंड हाईकोर्ट में आजसू के पूर्व विधायक लंबोदर महतो के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाते हुए जनहित याचिका दायर की गई है। गढ़वा के उपेंद्र कुमार ने याचिका दायर आरोप लगाया है कि पूर्व विधायक ने कई स्रोतों से अत्यधिक संपत्ति अर्जित की है। लंबोदर महतो पर अपने रिश्तेदार के कार्यों में भी निवेश करने का आरोप लगाया गया है। याचिका में झारखंड सरकार, पुलिस महानिदेशक, एसीबी और आयकर विभाग को प्रतिवादी बनाया गया है। प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि लंबोदर महतो के रिश्तेदार राजेश कुमार ने रांची के ऐदलहातू तीन करोड़ से अधिक का मकान बनाया है। इससे पूर्व कई अंचलों में अंचलाधिकारी के पद पर पदस्थापित रहते हुए और अपने ससुर लंबोदर महतो और उनकी पत्नी के साथ मिलकर 100 करोड़ से अधिक संपत्ति अर्जित की है।
प्रार्थी का दावा है कि लंबोदर महतो का तीन मंजिला मकान रांची के लोआडीह में है। यहां उनका दो प्लॉट है। चार एकड़ जमीन कसमार में है। इसके अलावा कई अन्य स्थानों पर उनकी संपत्ति है। लंबोदर महतो ने 79 लाख की किताबें विधायक मद से खरीदी हैं। इन किताबों की खरीदारी बाजार मूल्य से अत्यधिक मूल्य पर की गई है। लंबोदर महतो पर प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि चुनावी हलफनामा में कई संपत्तियों का जिक्र नहीं किया है।

