
Ranchi/Ramgarh News: रामगढ़ सिविल कोर्ट ने कोर्ट परिसर में हंगामा और मारपीट के मामले में कुख्यात शूटर शिव शर्मा को जमानत दे दी है। अपर प्रधान न्यायाधीश विशाल श्रीवास्तव की अदालत ने आरोपी को 10-10 हजार रुपये के दो निजी मुचलकों पर बेल की सुविधा प्रदान की। जमानत आदेश के बाद शिव शर्मा के जेल से बाहर आने का रास्ता साफ हो गया है। जमानत सुनवाई के दौरान शिव शर्मा की ओर से अधिवक्ता अमन कुमार राहुल ने पक्ष रखते हुए दलील दी कि आरोपी को अनावश्यक रूप से जेल में रखा गया है और वह जमानत का हकदार है। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपी को सशर्त जमानत दे दी
मामला उस समय का है, जब एक केस की सुनवाई के दौरान रामगढ़ सिविल कोर्ट परिसर में शिव शर्मा और कुख्यात विकास पांडेय गिरोह के गुर्गों के बीच कहासुनी बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई थी। घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई थी और हालात काफी तनावपूर्ण हो गए थे। न्यायिक कार्य बाधित होने की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। रामगढ़ पुलिस ने इस मामले में रामगढ़ थाना कांड संख्या 317/2025 दर्ज करते हुए कोर्ट परिसर से दो दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस का कहना था कि कोर्ट की गरिमा और सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। । इस फैसले के बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और आपराधिक तत्वों पर नियंत्रण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
