Ranchi News: बहुचर्चित Lalu Prasad Yadav को चारा घोटाला मामले में रांची की सीबीआई अदालत से बड़ी राहत मिली है। अपर न्याययुक्त अखिलेश कुमार तिवारी की अदालत ने उनके पासपोर्ट को रिलीज करने की अनुमति दे दी है, ताकि वह जून के पहले सप्ताह में रूटीन मेडिकल चेकअप के लिए सिंगापुर जा सकें।
लालू प्रसाद यादव ने अदालत में आवेदन दाखिल कर पासपोर्ट रिलीज करने की मांग की थी। आवेदन में बताया गया कि उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए सिंगापुर जाना है। सुनवाई के बाद अदालत ने पासपोर्ट रिलीज करने का आदेश दिया।
बताया गया कि इससे पहले भी अदालत ने उन्हें किडनी ट्रांसप्लांट और रूटीन चेकअप के लिए विदेश यात्रा की अनुमति दी थी। दिसंबर 2022 में सिंगापुर के Mount Elizabeth Hospital में लालू प्रसाद यादव का किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था।
गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव बहुचर्चित चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता हैं। डोरंडा, चाईबासा, देवघर और दुमका कोषागार से अवैध निकासी से जुड़े मामलों में उन्हें सजा मिल चुकी है। चारा घोटाला 1990 से 1996 के बीच सरकारी कोषागारों से फर्जी निकासी से जुड़ा मामला था। इनमें सबसे चर्चित डोरंडा कोषागार मामला है, जिसमें करीब 139 करोड़ रुपये की अवैध निकासी हुई थी।

