झारखंड हाई कोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के चुनाव में लगभग 70 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव में 2017 मतदाताओं ने मतदान किया। मतदान को लेकर दिनभर गहमागहमी रही। एसोसिएशन के मतदान को लेकर अधिवक्ताओं में काफी उत्साह दिखा। सुबह साढ़े नौ बजे से ही मतदाताओं की भीड़ लगने लगी थी।
दोपहर 12 के बाद मतपत्र वितरण के लिए लगे टेबलों पर वोटरों की लाइन लगी गई थी। इस बार चुनाव में 2,889 मतदाता है। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष, सहायक कोषाध्यक्ष, सचिव प्रशासन, सचिव पुस्तकालय के एक-एक पद व गवर्निंग काउंसिल के नौ पदों अर्थात कुल 16 पदों के लिए चुनाव हो रहा है।
अजीत कुमार सहित कई अध्यक्ष पद के दावेदार
अध्यक्ष पद के लिए पांच उम्मीदवारों में वरीय अजीत कुमार, महेश तिवारी, मनोज टंडन, आरएसपी सिन्हा और ऋतु कुमार शामिल हैं। उपाध्यक्ष पद के लिए सात उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें अमरेश कुमार, धीरज कुमार, जय शंकर तिवारी, नवीन कुमार सिंह, प्राण प्रणय, राहुल कुमार गुप्ता और संजीव ठाकुर शामिल हैं।
महासचिव पद के लिए पांच उम्मीदवार अमित सिन्हा, बिनोद सिंह, मयंक कुमार, नवीन कुमार और संतोष कुमार सोनी शामिल हैं। कोषाध्यक्ष पद के उम्मीदवारों में नलिनी झा, श्रेष्ठ मेहता और विपुल दिव्या शामिल हैं। 16 पदों के लिए कुल 92 उम्मीदवार मैदान में है।
शनिवार को होगी मतगणना
रिटर्निंग अफसर लुकेश कुमार ने बताया कि मतदान शाम पांच बजे समाप्त हो गया। इसके बाद प्रत्याशियों की मौजूदगी में बैलेट बाक्स को सीलबंद करते हुए हाल नंबर एक में रख दिया गया। बैलेट बाक्स की सुरक्षा में पुलिसकर्मी और सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है।
शनिवार को मतगणना सुबह आठ बजे से प्रारंभ होगी, जो शाम तक चलेगी। मतगणना के झारखंड विधानसभा के दस कर्मियों को बुलाया गया है। मतगणना का लाइव प्रसारण होगा। इसके लिए सेंट्रल लाबी में तीन टीवी लगाई गई है। मतगणना वीडियोग्राफी भी होगी।

