Ranchi News : नाबालिग छात्रा के साथ अश्लील हरकत के प्रयास के मामले में कोकर के हैदरअली रोड निवासी ट्यूशन शिक्षक अमरेंद्र कुमार राय उर्फ अमरेंद्र कुमार सिंह को पोक्सो की विशेष अदालत ने बुधवार को दोषी करार दिया है। अदालत ने सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए 23 मार्च की तारीख निर्धारित की है। सुनवाई के दौरान आरोपी को जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किया गया। उसे सदर थाना पुलिस ने 28 जनवरी 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था, तब से वह जेल में बंद है। अभियोजन पक्ष की ओर से सुनवाई के दौरान पांच गवाह प्रस्तुत किए गए, जिनके आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी पाया। पीड़िता की शिकायत पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
प्राथमिकी के अनुसार, सातवीं कक्षा की छात्रा आरोपी के घर ट्यूशन पढ़ने जाती थी। घटना 27 जनवरी की रात की है, जब अन्य विद्यार्थियों के जाने के बाद आरोपी ने छात्रा को पढ़ाने के बहाने रोक लिया और उसके साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया। छात्रा के विरोध करने पर भी आरोपी नहीं माना, जिसके बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंची। पीड़िता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन आरोपी के घर पहुंचे और उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. अदालत द्वारा दोषी करार दिए जाने के बाद अब मामले में 23 मार्च को सजा पर अंतिम फैसला सुनाया जाएगा।

