Ranchi News: बड़गाई अंचल की 8.46 एकड़ जमीन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोप तय किए जाने की प्रक्रिया के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से दायर डिस्चार्ज याचिका पर शुक्रवार को पीएमएलए कोर्ट में आंशिक सुनवाई हुई। अदालत ने इस याचिका पर आगे की सुनवाई के लिए 7 फरवरी की तारीख निर्धारित की है। हेमंत सोरेन ने स्वयं को निर्दोष बताते हुए 5 दिसंबर को अदालत में डिस्चार्ज याचिका दाखिल की थी। इसी मामले में सह-आरोपी शेखर प्रसाद महतो समेत अन्य आरोपियों की डिस्चार्ज याचिका पर भी आंशिक बहस हुई, जिस पर अदालत ने आगे की सुनवाई के लिए 11 फरवरी की तारीख तय की है।
इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने हेमंत सोरेन समेत 18 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर रखी है। अदालत ने चार्जशीट पर संज्ञान लेते हुए सभी आरोपियों को पुलिस पेपर सौंप दिया है। अगली न्यायिक प्रक्रिया के तहत मामले में आरोप तय किए जाने हैं। गौरतलब है कि इस भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में राजस्व निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद और अफसर अली फिलहाल जेल में बंद हैं।

