Ranchi News: उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक और सौदेबाजी मामले में गिरफ्तार 164 आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर शनिवार को अपर न्यायायुक्त एक की अदालत में सुनवाई हुई। एक साथ 78 याचिकाओं पर बहस हुई, जिसमें बचाव पक्ष की ओर से शिशिर राज समेत कई अधिवक्ता उपस्थित रहे। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने केस डायरी पेश करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा और बताया कि मामले के कई पहलुओं पर अभी जांच जारी है। इस पर अदालत ने अंतिम मौका देते हुए अगली तारीख तक हर हाल में केस डायरी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। मामले की अगली सुनवाई 29 अप्रैल को होगी।
इसी दौरान जेल में बंद कुछ अभ्यर्थियों ने झारखंड पात्रता परीक्षा में शामिल होने की अनुमति मांगी। इस पर अधिवक्ता अविनाश पांडे ने औपबंधिक जमानत देने का अनुरोध किया। अदालत ने संकेत दिया कि कस्टडी में परीक्षा दिलाने के विकल्प पर विचार किया जा सकता है। गौरतलब है कि तमाड़ थाना क्षेत्र के रड़गांव स्थित निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज में पुलिस छापेमारी के दौरान इस बड़े रैकेट का खुलासा हुआ था। जांच में सामने आया कि परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को प्रश्नों के उत्तर रटवाए जा रहे थे और संगठित गिरोह इस धांधली को अंजाम दे रहा था।

