
Ranchi News: हजारीबाग। बहुचर्चित रूपेश पांडेय (18) हत्याकांड में आखिरकार फैसला आने वाला है। सीबीआई के विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार की अदालत ने मामले में लंबी बहस पूरी होने के बाद 2 फरवरी को निर्णय सुनाने की तिथि तय की है। मामले में मो. असलम अंसारी उर्फ असलम उर्फ पप्पु मियां, मो. कैफ, मो. गुरफान और मो. इरफान न्यायिक हिरासत में मुकदमे का सामना कर रहा है। अभियोजन के अनुसार, 6 फरवरी 2022 को शाम करीब पांच बजे रूपेश पांडेय अपने चाचा के साथ बरही में सरस्वती पूजा देखने गया था। विसर्जन जुलूस के दौरान उन्मादी भीड़ ने उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद बरही थाना में 27 आरोपियों के खिलाफ कांड संख्या 59/2022 दर्ज की गई थी। पुलिस ने 7 फरवरी को मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति एसके द्विवेदी की अदालत ने 2 सितंबर 2022 को हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराने का निर्देश दिया था। रूपेश पांडेय की मां उर्मिला पांडेय ने सीबीआई जांच की मांग को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। आरोपियों पर हत्या, आपराधिक साजिश रचने समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा चल रहा है। सुनवाई के दौरान चार महिलाओं समेत कुल सात चश्मदीद गवाहों के बयान दर्ज किए गए हैं। अब पूरे राज्य की निगाहें 2 फरवरी को आने वाले अदालत के फैसले पर टिकी हैं।
