मौसमक्रिकेटऑपरेशन सिंदूरक्रिकेटस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेशराशिफलआध्यात्मिकअन्य
---Advertisement---

JSCC-CGL में हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, जाने क्यों कोर्ट ने कैबिनेट के निर्णय पर उठाए सवाल

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSCC-CGL) की संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से नियुक्त अभ्यर्थियों को झारखंड हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हाईकोर्ट ने विज्ञापन संख्या 10/2023 के तहत हुई भर्ती प्रक्रिया को रद करने के राज्य सरकार के फैसले को निरस्त कर दिया है।

jssc-cgl
---Advertisement---

HIGHLIGHTS

  • JSCC-CGL परीक्षा रद करने के फैसले को हाई कोर्ट ने किया निरस्त, 1900 की नौकरी बरकरार
  • विज्ञापन संख्या 10/2023 के तहत हुई संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा की नियुक्तियां रहेंगी बरकरार
  • हाई कोर्ट ने कहा- अधूरी जांच और ठोस साक्ष्यों के अभाव में पूरी भर्ती रद्द करना उचित नहीं

Ranchi News: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSCC-CGL) की संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से नियुक्त अभ्यर्थियों को झारखंड हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हाईकोर्ट ने विज्ञापन संख्या 10/2023 के तहत हुई भर्ती प्रक्रिया को रद करने के राज्य सरकार के फैसले को निरस्त कर दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि चयनित अभ्यर्थियों को सेवा में निरंतर माना जाएगा और भर्ती रद्द करने की अधिसूचना के कारण उन्हें किसी भी प्रकार के मौद्रिक या अन्य सेवा लाभ से वंचित नहीं किया जा सकता। इस फैसले से करीब 1900 नियुक्त अभ्यर्थियों को राहत मिलने की संभावना है।

अदालत ने अपने महत्वपूर्ण फैसले में कहा कि जब भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच अभी पूरी नहीं हुई है, तब अधूरी जांच और सामान्य आरोपों के आधार पर पूरी चयन प्रक्रिया को रद्द करना उचित नहीं है। राज्य सरकार ऐसा कोई ठोस साक्ष्य और विस्तृत तथ्यात्मक जांच प्रस्तुत नहीं कर सकी, जिससे यह साबित हो कि पूरी भर्ती प्रक्रिया सुनियोजित गड़बड़ी से प्रभावित थी और सभी चयनित अभ्यर्थियों को एक साथ संदेह के घेरे में रखना आवश्यक था।

कुछ अभ्यर्थियों की गड़बड़ी के लिए सभी को जिम्मेदार नहीं ठहरा सकते

याचिकाकर्ताओं की ओर से अदालत में दलील दी गई कि पूरी भर्ती प्रक्रिया में केवल तीन चयनित अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी हुई थी। ऐसे में कुछ अभ्यर्थियों के खिलाफ आरोपों के आधार पर सभी चयनित उम्मीदवारों की नियुक्तियां रद्द करना न्यायसंगत नहीं है। याचिकाकर्ताओं ने कहा कि सरकार को यह बताना चाहिए था कि कथित गड़बड़ी में शामिल अभ्यर्थियों और निर्दोष चयनित उम्मीदवारों की पहचान कर उन्हें अलग करना क्यों संभव नहीं है।

इस पर अदालत ने भी महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा कि अभ्यर्थियों को अलग-अलग करने की संभावना और कथित गड़बड़ी के लाभार्थियों की पहचान का सवाल जांच पूरी होने के बाद ही तय किया जा सकता है। जब जांच अभी लंबित है, तब पहले से यह निष्कर्ष निकाल लेना कि निर्दोष अभ्यर्थियों को अलग करना संभव नहीं है, उचित नहीं होगा।

प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों की अनदेखी नहीं कर सकती सरकार

याचिकाकर्ताओं ने अदालत को बताया कि वे केवल चयनित उम्मीदवार नहीं, बल्कि नियुक्त लोक सेवक हैं। उनकी नियुक्तियां हो चुकी हैं और वे सरकारी सेवा में कार्यरत हैं। ऐसे में पूरी भर्ती रद्द करने का निर्णय उनके लिए सेवा समाप्ति जैसा प्रभाव रखता है। सरकार केवल परीक्षा रद्द करने का नाम देकर सेवा नियमों और संविधान के अनुच्छेद 309 तथा अनुच्छेद 311 के तहत उपलब्ध संरक्षणों से बच नहीं सकती।

अदालत ने माना कि प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों की अनदेखी सामान्य नियम नहीं, बल्कि अपवाद है। इसके लिए ठोस आधार और पर्याप्त सामग्री होनी चाहिए। राज्य सरकार यह स्थापित करने में विफल रही कि अभ्यर्थियों को सुनवाई का अवसर दिए बिना पूरी भर्ती रद्द करना क्यों आवश्यक था।

कैबिनेट के फैसले के आधार पर भी उठाए सवाल

अदालत ने भर्ती रद्द करने के कैबिनेट के फैसले पर भी सवाल उठाए। कोर्ट ने कहा कि कैबिनेट के नोट में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि भर्ती रद्द करने के लिए कौन-से विशिष्ट साक्ष्य और तथ्यात्मक सामग्री उसके सामने रखी गई थी। सरकार ने जांच, सीआईडी की रिपोर्ट, प्राथमिकी, गिरफ्तारियों और कथित डिजिटल छेड़छाड़ का हवाला दिया, लेकिन पूरी चयन प्रक्रिया को दूषित घोषित करने के लिए पर्याप्त और ठोस आधार सामने नहीं रखा।

अदालत ने स्पष्ट किया कि न्यायिक समीक्षा के दौरान हाईकोर्ट प्रशासनिक निर्णय के पीछे मौजूद साक्ष्यों की पर्याप्तता का पुनर्मूल्यांकन नहीं करता, लेकिन निर्णय के लिए प्रासंगिक सामग्री का मौजूद होना और उस पर विचार किया जाना अनिवार्य है। यदि निर्णय के समर्थन में आवश्यक तथ्यात्मक आधार ही उपलब्ध नहीं है, तो उसे कानून की कसौटी पर निरस्त किया जा सकता है।

पूर्व के हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अनदेखी पर आपत्ति

इस मामले में याचिकाकर्ताओं ने पूर्व में पारित हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का भी हवाला दिया। उनका कहना था कि पहले हाईकोर्ट की खंडपीठ ने कथित पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के आरोपों पर परीक्षा रद्द करने से इनकार किया था। साथ ही मामले की जांच एसआईटी से निर्धारित समय सीमा में पूरी कराने का निर्देश दिया गया था।

बाद में सुप्रीम कोर्ट ने भी नियुक्तियों को लंबित आपराधिक अभियोजन के अंतिम परिणाम के अधीन रखा था। इसका अर्थ था कि जांच और अभियोजन के परिणाम आने के बाद संबंधित अभ्यर्थियों के संबंध में निर्णय लिया जा सकता है। इसके बावजूद राज्य सरकार ने पूरी भर्ती प्रक्रिया रद्द कर दी।

हाईकोर्ट ने इस पहलू को महत्वपूर्ण मानते हुए कहा कि कार्यपालिका का कोई निर्णय न्यायिक आदेश के विपरीत नहीं हो सकता। पहले से न्यायिक रूप से तय मुद्दों को दोबारा उठाकर उनके प्रभाव को समाप्त करने की अनुमति राज्य सरकार को नहीं दी जा सकती।

दूसरे भर्ती घोटालों के फैसलों से नहीं की जा सकती मौजूदा मामले की तुलना

राज्य सरकार की ओर से दलील दी गई कि भर्ती प्रक्रिया में संगठित स्तर पर गड़बड़ी हुई है। जांच एजेंसियों की रिपोर्ट, प्राथमिकी, अधिकारियों की गिरफ्तारी और डिजिटल साक्ष्यों से छेड़छाड़ को आधार बनाते हुए सरकार ने कहा कि ईमानदार और गड़बड़ी के लाभार्थी अभ्यर्थियों को अलग करना संभव नहीं है। इसलिए पूरी भर्ती रद्द करना आवश्यक था।

हालांकि, अदालत ने सरकार की ओर से पेश किए गए विभिन्न न्यायिक फैसलों की परिस्थितियों का परीक्षण किया। कोर्ट ने पाया कि उन मामलों में सामूहिक नकल, ओएमआर शीट में छेड़छाड़, पेपर लीक, असामान्य मेरिट सूची और लाभार्थियों की पहचान से संबंधित ठोस जांच सामग्री उपलब्ध थी। मौजूदा मामले में वैसी विस्तृत और निर्णायक तथ्यात्मक जांच प्रस्तुत नहीं की गई।

अदालत ने कहा कि प्रशासनिक निर्णय के लिए आपराधिक मुकदमे में दोष सिद्ध होना जरूरी नहीं है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि बिना पर्याप्त साक्ष्य और निष्पक्ष जांच के कोई भी निर्णय लिया जा सकता है। केवल जांच लंबित होने या व्यापक अनियमितताओं के आरोप लगा देने से पूरी भर्ती प्रक्रिया रद्द करने का औचित्य सिद्ध नहीं होता।

करीब 600 अभ्यर्थियों ने छोड़ी थी पहले की नौकरी

याचिकाकर्ताओं की ओर से अदालत में यह भी बताया गया कि भर्ती रद्द होने से करीब 1900 नियुक्त अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं। इनमें लगभग 600 ऐसे अभ्यर्थी भी हैं, जिन्होंने नई नियुक्ति के बाद पहले से कर रहे सरकारी रोजगार से इस्तीफा दे दिया था। लंबे समय तक भर्ती और नियुक्ति की प्रक्रिया में लगे रहने के बाद अचानक नियुक्तियां रद्द होने से उनके भविष्य पर गंभीर असर पड़ा है।

अदालत ने इन परिस्थितियों को भी महत्वपूर्ण माना। कोर्ट के अनुसार, जब पूरी भर्ती प्रक्रिया को रद्द करने के बजाय कम नुकसान पहुंचाने वाले दूसरे विकल्पों पर विचार किया जा सकता है, तब बिना पर्याप्त आधार के सामूहिक रूप से नियुक्तियां समाप्त करना उचित नहीं है।

हाईकोर्ट ने भर्ती रद्द करने की अधिसूचना की निरस्त

सभी पक्षों की दलीलें सुनने और उपलब्ध दस्तावेजों का परीक्षण करने के बाद हाईकोर्ट ने 18 अगस्त 2026 की उस अधिसूचना को निरस्त कर दिया, जिसके माध्यम से विज्ञापन संख्या 10/2023 के तहत हुई संयुक्त सिविल सेवा भर्ती प्रक्रिया रद्द की गई थी।

अदालत ने आदेश दिया कि याचिकाकर्ताओं को बिना किसी सेवा व्यवधान के निरंतर सेवा में माना जाएगा। उन्हें वे सभी मौद्रिक और गैर-मौद्रिक सेवा लाभ दिए जाएंगे, जिनसे उन्हें भर्ती रद्द करने के सरकारी आदेश के कारण वंचित होना पड़ा है।

हालांकि, अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि पूर्व में हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट द्वारा पारित आदेश प्रभावी रहेंगे तथा नियुक्तियां और सेवाएं लंबित आपराधिक कार्यवाही के अंतिम परिणाम के अधीन रहेंगी।

जांच जारी रहेगी, अभ्यर्थियों को करना होगा सहयोग

हाईकोर्ट ने साफ किया कि भर्ती रद्द करने की अधिसूचना निरस्त होने का मतलब यह नहीं है कि कथित अनियमितताओं की जांच समाप्त हो जाएगी। जांच एजेंसी को मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच करते हुए उसे तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाना होगा। अभ्यर्थियों को भी जांच में पूरा सहयोग करना होगा।

अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि फैसले में की गई टिप्पणियां केवल वर्तमान याचिकाओं के निस्तारण के लिए हैं। इनका लंबित आपराधिक जांच पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। इस प्रकार हाईकोर्ट ने एक ओर चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्तियों को राहत दी है, वहीं दूसरी ओर कथित भर्ती अनियमितताओं की जांच जारी रखने का रास्ता भी खुला रखा है।

 

Devesh Ananad

देवेश आनंद को पत्रकारिता जगत का 15 सालों का अनुभव है। इन्होंने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान में काम किया है। अब वह इस वेबसाइट से जुड़े हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

Court News: 9 करोड़ बसूली के मामले में कमर्शियल कोर्ट के आदेश पर नजारत टीम ने किया रांची नगर निगम की संपत्ति कुर्क, कार्रवाई पूरी होने के 20 मिनट बाद आया स्टे ऑर्डर

High court news

HC News: किशोर न्याय अधिनियम पर झारखंड हाईकोर्ट का अहम फैसला: अपराध की गंभीरता के आधार पर नाबालिग की जमानत नहीं की जा सकती खारिज, सशर्त मिली जमानत

High court news

HC News: डिक्री निष्पादन मामले में बार-बार आपत्ति दाखिल कर मामला दोबारा खोलने की कोशिश पर रोक, हाईकोर्ट ने याचिका खारिज की

HC News: जस्टिस विभु बाखरू होंगे झारखंड हाई कोर्ट के नए चीफ जस्टिस

High court news

HC News: चारा घोटाला देवघर कोषागार मामला: लालू प्रसाद के अधिवक्ता का दावा—निगरानी जांच नहीं रोकी, फाइल नोटिंग में दिए थे रिपोर्ट के आदेश

High court news

HC News: सैप (SAP) जवानों की सेवा अवधि व उम्र सीमा विवाद: झारखंड हाईकोर्ट ने सुनवाई पूरी कर फैसला रखा सुरक्षित

Leave a Comment