Ranchi News: ओबीसी आरक्षण सहित विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के मामले में आजसू (AJSU) प्रमुख सुदेश महतो और गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गुरुवार को एमपी/एमएलए मामलों के विशेष न्यायिक दंडाधिकारी सार्थक शर्मा की अदालत ने इन दोनों नेताओं सहित पांच आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं । मामले में अभियोजन पक्ष को साक्ष्य प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। इसके लिए अदालत ने 22 मई की तारीख निर्धारित की है।
नेताओं ने खुद को बताया निर्दोष
अदालत में सुनवाई के दौरान जब आरोपियों से उन पर लगे आरोपों के बारे में पूछा गया, तो सुदेश महतो, चंद्र प्रकाश चौधरी, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, देवशरण भगत और शिवपूजन कुशवाहा ने खुद को निर्दोष बताया 。 सभी आरोपियों ने कहा कि वे इस मामले में आगे ट्रायल का सामना करेंगे 。
क्या है पूरा मामला?
यह मामला 8 सितंबर 2021 का है, जब आजसू कार्यकर्ताओं ने ओबीसी आरक्षण की मांग को लेकर मोरहाबादी मैदान में शक्ति प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री आवास के घेराव का प्रयास किया था । घटना के बाद ओरमांझी के तत्कालीन सीओ विजय केरकेट्टा ने लालपुर थाना में प्राथमिकी (कांड संख्या 201/2021) दर्ज कराई थी ।
दर्ज मामले के अनुसार, आंदोलन का नेतृत्व कर रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं पर सरकारी काम में बाधा डालने, तैनात पदाधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की करने और नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया था 。 अब आरोप तय होने के बाद इस मामले में गवाही और नियमित सुनवाई की प्रक्रिया शुरू होगी