मौसमक्रिकेटऑपरेशन सिंदूरक्रिकेटस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेशराशिफलआध्यात्मिकअन्य
---Advertisement---

HC News: जमानत मिलने के बाद भी रोहित सिंह की हिरासत को हाईकोर्ट ने ठहराया सही, याचिका खारिज

जमानत मिलने के बावजूद जेल में रखने के आदेश में हस्तक्षेप से इनकार, याचिका खारिज

High court news
---Advertisement---

Ranchi News:  जमशेदपुर के रोहित सिंह को झारखंड क्राइम कंट्रोल एक्ट (जेसीसीए) के तहत एहतियातन हिरासत में रखने के जिला प्रशासन के आदेश को झारखंड हाईकोर्ट ने सही ठहराया है। अदालत ने कहा कि आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, आपराधिक साजिश, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के गंभीर मामले दर्ज हैं। उसके लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने से सार्वजनिक शांति और व्यवस्था को खतरा उत्पन्न होने की आशंका है। जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद और जस्टिस अखिल कुमार की खंडपीठ ने रोहित सिंह की ओर से दाखिल क्रिमिनल रिट याचिका खारिज कर दी।

रोहित सिंह ने जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम की ओर से पांच मई 2026 को जारी हिरासत आदेश और 20 जुलाई 2026 को तीन महीने की अवधि बढ़ाने के आदेश को चुनौती दी थी। राज्य सरकार ने भी 23 जून और 24 जुलाई को हिरासत की पुष्टि की थी। आरोपी ने दलील दी थी कि जिन आपराधिक मामलों के आधार पर उसे हिरासत में लिया गया है, उनमें उसे नियमित और अग्रिम जमानत मिल चुकी है। जेल प्रशासन ने उसकी ओर से भेजे गए प्रतिवेदन को भी आगे नहीं भेजा।

खंडपीठ ने कहा कि हिरासत में रखने के आदेश को चुनौती देने के लिए केवल जमानत मिलना पर्याप्त आधार नहीं है। निरोधक प्राधिकार को यह देखने का अधिकार है कि संबंधित व्यक्ति की गतिविधियां भविष्य में सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरा बन सकती हैं या नहीं। अदालत ने पाया कि आरोपी के खिलाफ पांच मामले दर्ज हैं। इनमें 2018 का हत्या का मामला, 2022 का हत्या के प्रयास और अपहरण से संबंधित मामला तथा 2024, 2025 और 2026 के तीन एनडीपीएस मामले शामिल हैं। आरोपी को इन सभी मामलों में जमानत मिल चुकी थी, लेकिन इससे निरोधक आदेश स्वत: अवैध नहीं हो जाता।

प्रतिवेदन नहीं भेजने का आरोप साबित नहीं

अदालत ने जेल प्रशासन पर प्रतिवेदन नहीं भेजने के आरोप को भी स्वीकार नहीं किया। कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ता ने इस आरोप के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य पेश नहीं किया। दुर्भावना का आरोप लगाने वाले व्यक्ति पर उसे प्रमाणित करने की जिम्मेदारी होती है। वहीं, हिरासत के आधार और आदेश की प्रति आरोपी को उपलब्ध कराने के रिकॉर्ड से संविधान के अनुच्छेद 22(5) और जेसीसीए की धारा 17 के प्रावधानों का पालन पाया गया।

खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि जेसीसीए की धारा 2(डी) के तहत किसी व्यक्ति को असामाजिक तत्व मानने के लिए आदतन समान प्रकृति के अपराधों में संलिप्तता महत्वपूर्ण है। अदालत ने पाया कि जिला प्रशासन ने उपलब्ध दस्तावेजों और आरोपी के पूर्व आचरण पर विचार करने के बाद संतुष्टि दर्ज की थी। हिरासत के आदेश और उसके विस्तार में कोई कानूनी त्रुटि नहीं पाई गई। इसके बाद अदालत ने सभी आदेशों में हस्तक्षेप से इनकार करते हुए याचिका खारिज कर दी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

High court news

HC News: किशोर न्याय अधिनियम पर झारखंड हाईकोर्ट का अहम फैसला: अपराध की गंभीरता के आधार पर नाबालिग की जमानत नहीं की जा सकती खारिज, सशर्त मिली जमानत

High court news

HC News: डिक्री निष्पादन मामले में बार-बार आपत्ति दाखिल कर मामला दोबारा खोलने की कोशिश पर रोक, हाईकोर्ट ने याचिका खारिज की

HC News: जस्टिस विभु बाखरू होंगे झारखंड हाई कोर्ट के नए चीफ जस्टिस

High court news

HC News: चारा घोटाला देवघर कोषागार मामला: लालू प्रसाद के अधिवक्ता का दावा—निगरानी जांच नहीं रोकी, फाइल नोटिंग में दिए थे रिपोर्ट के आदेश

High court news

HC News: सैप (SAP) जवानों की सेवा अवधि व उम्र सीमा विवाद: झारखंड हाईकोर्ट ने सुनवाई पूरी कर फैसला रखा सुरक्षित

supreme_court_of_India

HC News: सुप्रीम कोर्ट पहुंचा झारखंड लॉ अफसर नियमावली-2026 विवाद, हाईकोर्ट के फैसले को दी गई चुनौती

Leave a Comment