Ranchi News: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) और वन क्षेत्र पदाधिकारी (एफआरओ) भर्ती परीक्षा रद्द करने के खिलाफ दाखिल याचिकाओं पर सुनवाई पूरी करने के बाद झारखंड हाईकोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। शुक्रवार को जस्टिस दीपक रोशन की अदालत में इन याचिकाओं पर सुनवाई हुई।
याचिकाकर्ताओं ने राज्य सरकार के उस निर्णय को चुनौती दी है, जिसके तहत एसीएफ और एफआरओ की भर्ती प्रक्रिया को रद्द कर दिया गया था। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने 18 अगस्त को कथित अनियमितताओं और सीआईडी जांच में सामने आए तथ्यों का हवाला देते हुए कई परीक्षाओं व भर्ती प्रक्रियाओं को रद्द करने का फैसला लिया था, जिसमें जेपीएससी की ये भर्तियां भी शामिल थीं।

याचिकाओं में सरकार के इस फैसले को निरस्त करने की मांग की गई है। अब सभी पक्षों की दलीलें पूरी होने के बाद अदालत के आदेश पर अभ्यर्थियों और संबंधित पक्षों की निगाहें टिकी हैं।



