Ranchi News: झारखंड हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में 19 दिसंबर 2024 के एकल पीठ के आदेश के खिलाफ दायर राज्य सरकार की अपील (L.P.A. No. 675 of 2025) में 234 दिनों की देरी माफ करने की याचिका (I.A. No. 12947 of 2025) खारिज कर दी है। मुख्य न्यायाधीश एम.एस. सोनक और न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव की खंडपीठ ने सुनाए गए आदेश में स्पष्ट किया कि केवल फाइलों के एक टेबल से दूसरे टेबल या एक अधिकारी से दूसरे अधिकारी के पास जाने का हवाला देकर परिसीमा कानून (Law of Limitation) की अनदेखी नहीं की जा सकती। देरी माफ करने की अर्जी खारिज होने के साथ ही राज्य सरकार (श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग) की मुख्य अपील भी निष्प्रभावी होकर खारिज हो गई।
अदालत की प्रमुख टिप्पणियां
फाइल मूवमेंट पर्याप्त कारण नहीं: खंडपीठ ने पाया कि देरी को लेकर याचिका में केवल फाइलों के आवागमन, अंतरविभागीय समन्वय, परामर्श और प्रशासनिक व वित्तीय प्रक्रियाओं का सामान्य विवरण दिया गया है, जो देरी माफ करने का पर्याप्त आधार नहीं है। कोर्ट ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि राज्य के अधिकारियों को लगता है कि परिसीमा कानून उन पर लागू नहीं होता या फाइलों की गति को तेज नहीं किया जा सकता।
याचिकाकर्ता की मौत और ‘डेमोकल्स की तलवार’: पीठ ने सुप्रीम कोर्ट के विभिन्न फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि किसी नागरिक या प्रतिवादी के सिर पर अनिश्चितकाल तक ‘डेमोकल्स की तलवार’ लटकाए नहीं रखी जा सकती। अदालत ने यह भी रेखांकित किया कि इस मामले में देरी के कारण मूल याचिकाकर्ताओं में से एक की आदेश का लाभ पाए बिना ही मृत्यु हो गई।
समान मामलों में असमान व्यवहार: प्रतिवादी पक्ष के अधिवक्ता मनोज टंडन ने शपथपत्र के माध्यम से कोर्ट को बताया कि इसी तरह के एक अन्य मामले (W.P.(S) No. 4839 of 2022) में राज्य सरकार ने बिना अपील दायर किए आदेश का अनुपालन कर दिया था, जबकि इस मामले में अंतर नहीं होने के बावजूद अपील की गई। कोर्ट ने माना कि इससे यह भी स्पष्ट होता है कि समान स्थिति वाले कर्मियों के साथ असमान व्यवहार किया जा रहा है।
क्या है मामला?
यह अपील श्रम, नियोजन और प्रशिक्षण विभाग व नियोजन एवं प्रशिक्षण निदेशक की ओर से रवि शंकर, नवीन रोशन टोपनो, मुन्ना मांझी और जितेंद्र कुमार सिंह के विरुद्ध दायर की गई थी, जिन्होंने W.P.(S) No. 4658 of 2022 में 19 दिसंबर 2024 को एकल पीठ से अपने पक्ष में आदेश प्राप्त किया था। अपील दायर करने में 234 दिनों की देरी होने पर सरकार ने क्षमा याचिका दाखिल की थी, जिसे खंडपीठ ने खारिज कर दिया।




