Ranchi News: स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2016 से जुड़े नियुक्ति विवाद मामले में शनिवार को वन मैन फैक्ट फाइंडिंग कमेटी के अध्यक्ष जस्टिस गौतम कुमार चौधरी ने सुनवाई करते हुए राज्य सरकार को नियुक्त अभ्यर्थियों से संबंधित पूरी जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। कमेटी ने सरकार से नियुक्ति से जुड़े ऑफिस ऑर्डर, विषयवार एवं कैटेगरीवार प्राप्तांक, जिलावार मेरिट सूची समेत अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई 23 मई को निर्धारित की गई है।
सुनवाई के दौरान झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने पूर्व में मांगे गए कुछ दस्तावेज कमेटी के समक्ष प्रस्तुत किए। वहीं राज्य सरकार की ओर से भी नियुक्त अभ्यर्थियों से संबंधित कुछ कागजात जमा किए गए। हालांकि, कमेटी ने सरकार द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों को अपूर्ण बताते हुए नाराजगी जताई और विस्तृत रिकॉर्ड उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। पिछली सुनवाई में फैक्ट फाइंडिंग कमेटी ने राज्य सरकार और जेएसएससी को निर्देश दिया था कि नियुक्ति परीक्षा से संबंधित स्टेट मेरिट लिस्ट, नियुक्त शिक्षकों के नाम, प्राप्तांक, नियुक्ति तिथि और अन्य विवरण उपलब्ध कराए जाएं। उल्लेखनीय है कि झारखंड हाईकोर्ट ने मीना कुमारी एवं अन्य की ओर से दायर 257 याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए मामले की जांच के लिए वन मैन फैक्ट फाइंडिंग कमेटी का गठन किया था। हाईकोर्ट ने कमेटी को तीन माह के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।





