कानून के साथ समाज की भागीदारी जरूरी, तभी मिटेगा बाल विवाह: न्यायायुक्त
100 दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत वाहन रवाना, डालसा टीम ने वेंडर मार्केट में चलाया जनसंपर्क

Ranchi News: बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन और समाज में व्यापक जन-जागरूकता लाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची की ओर से ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के तहत 100 दिवसीय जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। शुक्रवार को व्यवहार न्यायालय परिसर से रांची के न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1 ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता वाहन को रवाना किया।
‘केवल कानून से नहीं, सामूहिक प्रयास से होगा उन्मूलन’
अभियान की शुरुआत करते हुए न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1 ने कहा कि बाल विवाह केवल बच्चों के बचपन, शिक्षा और भविष्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में भी गंभीर बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कुप्रथा का उन्मूलन केवल कानून के माध्यम से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
न्यायायुक्त ने आम नागरिकों, अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से अपील की कि वे बाल विवाह को समाप्त करने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि यदि आसपास कहीं भी बाल विवाह की आशंका या घटना की जानकारी मिले, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें ताकि समय रहते हस्तक्षेप किया जा सके।
बच्चों के अधिकारों और शिक्षा पर फोकस
यह जागरूकता अभियान झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायामूर्ति-सह-कार्यपालक अध्यक्ष (झालसा) सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश, झालसा की सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना एवं न्यायायुक्त-सह-अध्यक्ष (डालसा) अनिल कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन तथा डालसा सचिव (प्रभारी) के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है।

100 दिवसीय अभियान के दौरान विभिन्न माध्यमों से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों और बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य समाज में ऐसी सकारात्मक सोच विकसित करना है, जहां हर बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और अपने सपनों को पूरा करने का समान अवसर मिल सके। कार्यक्रम में यह संदेश भी दिया गया कि बाल विवाह मुक्त समाज का निर्माण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और बच्चों का सुरक्षित बचपन व उज्ज्वल भविष्य ही सशक्त व समृद्ध भारत की आधारशिला है।
वेंडर मार्केट में जागरूकता व पंपलेट वितरण
अभियान के तहत डालसा की डिप्टी एलएडीसी कविता कुमारी खाती और पीएलवी दीपक मुंडा, बंधु उरांव, प्रदीप नाग, सिकन्दर मुंडा, रेनु देवी, उमेश कुमार व निशांत निश्चल ने रांची के वेंडर मार्केट क्षेत्र में जागरूकता वाहन के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इस दौरान आमजन के बीच पंपलेट और लीफलेट भी वितरित किए गए।
शुभारंभ कार्यक्रम में न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1, डालसा सचिव (प्रभारी) अभिषेक श्रीवास्तव, निबंधक-सह-जज प्रभारी प्रशांत कुमार वर्मा के साथ न्यायिक दंडाधिकारी, एलएडीसीएस सदस्य बीरेंद्र प्रताप, अधिवक्ता, न्यायालयकर्मी और पीएलवी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।




