Ranchi News: झारखंड हाईकोर्ट ने डायन बताकर कुल्हाड़ी से महिला की हत्या करने के मामले में दोषी फागू महाली उर्फ पागु महाली की आजीवन कारावास की सजा बरकरार रखी है। जस्टिस आनंद सेन और जस्टिस प्रदीप कुमार श्रीवास्तव की खंडपीठ ने दोषी की आपराधिक अपील खारिज करते हुए निचली अदालत के फैसले को सही ठहराया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि भले ही हमले में केवल एक वार किया गया हो, लेकिन वार की ताकत और उसकी गंभीरता से हत्या का इरादा स्पष्ट होता है।

क्या है पूरा मामला
यह मामला पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र का है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, 10 जून 2014 की रात फागू महाली का अपनी बहू लिपि महाली से विवाद हुआ था और वह उसे मारने के लिए दौड़ा था। लिपि ने पड़ोस में रहने वाले माक्रो सरदार के घर में शरण ली थी, जहां माक्रो सरदार की पत्नी ने उसे बचाया था। अगले दिन सुबह जब माक्रो सरदार की पत्नी अपनी बहू झरना सरदार के साथ कुएं से पानी लेकर लौट रही थीं, तभी फागू महाली कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा और महिला को डायन बताते हुए उसके सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट से मौके पर ही महिला की मौत हो गई थी।
इस मामले में निचली अदालत ने 17 अगस्त 2016 को फागू महाली को हत्या का दोषी करार दिया था और 20 अगस्त 2016 को आजीवन कारावास व 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। इसी फैसले को चुनौती देते हुए दोषी ने हाईकोर्ट में अपील दाखिल की थी।

बचाव पक्ष की दलील और राज्य का पक्ष
अपील की सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने दलील दी कि मामले में केवल झरना सरदार ही प्रत्यक्षदर्शी हैं और उनके बयान की स्वतंत्र गवाहों से पुष्टि नहीं होती। यह भी कहा गया कि केवल एक वार किया गया था और वह भी कुल्हाड़ी की धार से नहीं, इसलिए हत्या का इरादा साबित नहीं होता। दूसरी ओर, राज्य सरकार ने अपील का विरोध करते हुए कहा कि प्रत्यक्षदर्शी का बयान विश्वसनीय है और अन्य साक्ष्यों से इसकी पुष्टि होती है।
‘एक वार की ताकत से भी स्पष्ट है हत्या का इरादा’
हाईकोर्ट ने पाया कि झरना सरदार ने घटना को अपनी आंखों से देखा था और उनके शोर मचाने पर देवर संतोष सरदार मौके पर पहुंचे व आरोपी को पकड़ा। घटनास्थल से खून लगी कुल्हाड़ी बरामद होने और ग्रामीणों द्वारा आरोपी को पकड़कर बांधे जाने का तथ्य भी रिकॉर्ड में है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के सिर के अगले हिस्से में गंभीर चोट पाई गई थी, जिससे मस्तिष्क क्षतिग्रस्त हुआ और अत्यधिक रक्तस्राव व सदमे से उसकी मौत हो गई।
खंडपीठ ने कहा कि आरोपी कुल्हाड़ी लेकर आया था और उसने पूरी ताकत से सिर पर वार किया, इसलिए केवल एक वार होने के आधार पर हत्या के इरादे से इनकार नहीं किया जा सकता। अभियोजन पक्ष द्वारा अपराध साबित किए जाने के बाद अदालत ने उम्रकैद की सजा में हस्तक्षेप करने से इनकार करते हुए अपील खारिज कर दी।



