Ranchi News: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को मैनेज करने के नाम पर छह करोड़ रुपये के कथित लेन-देन से जुड़े मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग वाली याचिका पर गुरुवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। जस्टिस अनुभा रावत चौधरी की अदालत ने राज्य सरकार के जवाब पर प्रति उत्तर दाखिल करने के लिए ईडी को समय प्रदान किया है। मामले की अगली सुनवाई अब 7 दिसंबर को होगी।
सुनवाई के दौरान ईडी की ओर से भारत सरकार के एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू, वरीय अधिवक्ता अमित कुमार दास और अधिवक्ता सौरव कुमार ने अदालत में पक्ष रखा। न्यायालय ने मामले में दर्ज प्राथमिकी की पुलिस जांच पर पूर्व में लगाई गई रोक को बरकरार रखा है। इसके साथ ही पंडरा ओपी और सुखदेवनगर थाना के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने के पूर्व के आदेश को भी जारी रखा गया है।

गौरतलब है कि हाईकोर्ट ने पूर्व में पंडरा ओपी और सुखदेवनगर थाना में दर्ज प्राथमिकी की पुलिस जांच पर रोक लगाते हुए राज्य सरकार को दोनों थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज सुरक्षित रखने का निर्देश दिया था। ईडी ने याचिका दाखिल कर यह आशंका जताई है कि दोनों थानों में दर्ज मामलों की जांच के दौरान रांची पुलिस ईडी के वरिष्ठ अधिकारियों को फंसा सकती है और उन्हें आरोपी बना सकती है। इसी आशंका के आधार पर जांच सीबीआई को सौंपने की मांग की गई है, जबकि राज्य सरकार की ओर से पूर्व में याचिका को सुनवाई योग्य न होने की दलील दी गई थी। अब ईडी को सरकार के जवाब पर अपना प्रति उत्तर दाखिल करना है।



