Ranchi News: कांके रोड स्थित शेफ चौपाटी रेस्टोरेंट के संचालक की हत्या के मामले में कथित जमीन माफिया हरेंद्र सिंह उर्फ हरेंद्र कुमार सिंह को अदालत से कोई राहत नहीं मिली है। अपर न्यायायुक्त पवन कुमार की अदालत ने आरोपी की ओर से दाखिल जमानत याचिका पर सुनवाई के बाद उसे खारिज कर दिया। हरेंद्र सिंह इस मामले में 13 नवंबर से न्यायिक हिरासत में है। यह मामला कांके थाना से संबंधित है।
अभियोजन के अनुसार, 18 अक्टूबर 2025 की रात करीब 11:30 बजे तीन बदमाश कांके रोड स्थित शेफ चौपाटी रेस्टोरेंट में घुसे। आरोप है कि गलत ऑर्डर का बहाना बनाकर बदमाशों ने रेस्टोरेंट संचालक के साथ पहले गाली-गलौज की और फिर अचानक सीने में गोली मार दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल विजय कुमार नाग को तत्काल रिम्स ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने आरोपी को जमानत देने से इनकार कर दिया। पुलिस इस हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

