स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और बीसीआई सदस्य का चुनाव चार नवंबर को; 25 सदस्य और महाधिवक्ता करेंगे मतदान, वोटिंग के बाद उसी दिन होगी मतगणना
Ranchi News: झारखंड स्टेट बार काउंसिल के पदाधिकारियों और बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के प्रतिनिधि का चुनाव चार नवंबर को होगा। इस बार के चुनाव में सबसे अधिक चर्चा बीसीआई सदस्य पद को लेकर है। इस पद के लिए संजय कुमार विद्रोही की दावेदारी को खास माना जा रहा है। उनके निर्वाचित होने पर रांची सिविल कोर्ट को बीसीआई में प्रतिनिधित्व मिलने की पूरी संभावना है। इससे सिविल कोर्ट की समस्याओं के साथ यहां प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ताओं की आवाज भी राष्ट्रीय स्तर पर उठ सकेगी।
सिविल कोर्ट में बुनियादी सुविधाओं, वकीलों के लिए बेहतर कार्यस्थल, सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था और अन्य पेशेगत समस्याओं को लेकर लंबे समय से मांग उठती रही है। ऐसे में संजय विद्रोही के बीसीआई सदस्य चुने जाने पर इन मुद्दों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। बीसीआई में सिविल कोर्ट का प्रतिनिधित्व होने से जिला स्तर पर वकालत करने वाले अधिवक्ताओं की अपेक्षाओं और समस्याओं को भी मजबूती मिल सकती है।
बीसीआई सदस्य के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में
बीसीआई सदस्य पद के लिए मनोज कुमार (नंबर-टू), प्रशांत कुमार सिंह और संजय कुमार विद्रोही चुनाव मैदान में हैं। तीनों उम्मीदवार अपनी-अपनी दावेदारी को लेकर काउंसिल के सदस्यों से संपर्क और समर्थन जुटाने में लगे हैं। इस पद पर संजय विद्रोही की दावेदारी को सिविल कोर्ट के प्रतिनिधित्व के नजरिये से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अध्यक्ष पद के लिए अभय और निलेश आमने-सामने

बार काउंसिल के अध्यक्ष पद के लिए अभय कुमार चतुर्वेदी और निलेश कुमार के बीच सीधा मुकाबला है। दोनों उम्मीदवार अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं और समर्थन जुटाने के लिए अपने-अपने स्तर पर जोड़-तोड़ में लगे हैं। चुनाव से पहले दोनों खेमे काउंसिल के सदस्यों को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में अध्यक्ष पद का मुकाबला भी दिलचस्प होने की उम्मीद है।
उपाध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें अनिल कुमार महतो, मधुलता रानी, मृत्युंजय कुमार श्रीवास्तव और रिंकू भकत शामिल हैं। इस पद पर भी मुकाबला रोचक होने की संभावना है।
11:15 बजे से शुरू होगा मतदान
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी जस्टिस अंबुज नाथ के अनुसार, चार नवंबर को पूर्वाह्न 11:15 बजे से मतदान शुरू होगा। चुनाव में बार काउंसिल के 25 सदस्य और राज्य के महाधिवक्ता समेत कुल 26 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।





