Ranchi News: वरिष्ठ अधिवक्ता अभय कुमार चतुर्वेदी (एके चतुर्वेदी) झारखंड स्टेट बार काउंसिल के नए अध्यक्ष चुने गए हैं। बुधवार, चार नवंबर को डोरंडा स्थित बार काउंसिल कार्यालय में हुए पदाधिकारियों के चुनाव में उन्होंने जीत हासिल की। वहीं, रिंकू भकत को उपाध्यक्ष चुनी गई है। बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के प्रतिनिधि सदस्य के चुनाव में प्रशांत कुमार सिंह विजयी रहे। उपाध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवार मैदान में थे। इनमें अनिल कुमार महतो, मधुलता रानी, मृत्युंजय कुमार श्रीवास्तव और रिंकू भकत शामिल थे। बीसीआई सदस्य पद के लिए मनोज कुमार (नंबर-टू), प्रशांत कुमार सिंह और संजय कुमार विद्रोही चुनाव मैदान में थे।
मुख्य चुनाव पदाधिकारी न्यायमूर्ति अंबुज नाथ की देखरेख में मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी हुई। चुनाव में कुल 26 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इनमें बार काउंसिल के 25 निर्वाचित सदस्य और राज्य के महाधिवक्ता शामिल थे। मतदान समाप्त होने के बाद मतों की गिनती की गई और परिणाम घोषित किए गए।
अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला काफी रोचक रहा। इसमें अभय कुमार चतुर्वेदी ने बाजी मारी। उपाध्यक्ष पद पर रिंकू भगत निर्वाचित हुए। वहीं, बीसीआई प्रतिनिधि सदस्य के लिए हुए त्रिकोणीय मुकाबले में प्रशांत कुमार सिंह ने जीत दर्ज की। परिणाम घोषित होने के साथ ही झारखंड स्टेट बार काउंसिल के नए नेतृत्व का चयन पूरा हो गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को अधिवक्ताओं ने बधाई दी और उनसे राज्य के अधिवक्ताओं के हितों तथा बार काउंसिल की व्यवस्था को मजबूत बनाने की उम्मीद जताई।






