Ranchi News: झारखंड हाई कोर्ट (HC News) ने कल्याण विभाग के 13 चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को राहत देते हुए उनके प्रमोशन से इनकार करने वाले सरकार के आदेश को रद्द कर दिया है। जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने निर्देश दिया कि रिकॉर्ड का सत्यापन करने के बाद यदि प्रार्थी अन्य निर्धारित शर्तों के अनुसार पात्र पाए जाते हैं, तो उन्हें सीमित प्रतियोगिता परीक्षा पास करने की शर्त से छूट देते हुए आठ सप्ताह के भीतर वर्ग – तीन में प्रमोशन देने का औपचारिक आदेश जारी किया जाए। इस संबंध में रामवतार सिंह मुंडा समेतक 13 कर्मचारियों ने याचिका दायर की थी।
प्रार्थियों ने 30 अक्तूबर 2020 को जारी विभागीय आदेश को चुनौती दी थी। इस आदेश के जरिए उनका प्रतिनिधित्व खारिज कर दिया गया था। विभाग की ओर से दलील दी गई थी कि वर्ग-चार से वर्ग-तीन में प्रमोशन के लिए सीमित प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित करने की अधियाचना कर्मचारी चयन आयोग को भेजी जा चुकी है। ऐसे में कर्मचारियों को आयोग के विज्ञापन के आधार पर आवेदन करना चाहिए।
प्रार्थिोयों की ओर से कोर्ट को बताया गया कि वर्ष 2012 में कल्याण विभाग ने समान योग्यता और परिस्थिति वाले वर्ग-चार के कर्मचारियों को बिना परीक्षा के वर्ग-तीन में प्रमोशन दिया था। इसके अलावा टाइपिस्ट, आवासीय विद्यालयों और प्रखंड कल्याण कार्यालयों में कई पद रिक्त हैं। कर्मचारियों ने इस मामले में पहले भी वर्ष 2018 में हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। उस समय कोर्ट ने उन्हें विभाग के समक्ष नया प्रतिनिधित्व देने का निर्देश दिया था।
परीक्षा नहीं होने को प्रमोशन से इनकार का आधार नहीं माना
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पाया कि संबंधित नियम वर्ष 2010 में ही बना दिया गया था, लेकिन लंबे समय तक सीमित प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित नहीं हुई। परीक्षा की रूपरेखा भी पहली बार 17 मार्च को सामने लाई गई। कोर्ट ने कहा कि वर्ष 2019 में अधियाचना भेजे जाने के बावजूद परीक्षा आयोजित नहीं होना कर्मचारियों को प्रमोशन से वंचित रखने का उचित आधार नहीं हो सकता।
कोर्ट ने यह भी गौर किया कि विभाग में समान स्थिति वाले कर्मचारियों को पहले बिना परीक्षा के प्रमोशन दिया गया था। ऐसे में समान परिस्थिति वाले कर्मचारियों के साथ अलग व्यवहार करने का कोई औचित्य नहीं है।
आठ सप्ताह में आदेश जारी करने का निर्देश
हाईकोर्ट ने 30 अक्तूबर 2020 के विभागीय आदेश को निरस्त करते हुए सरकार को निर्देश दिया कि प्रार्थियों के रिकॉर्ड का सत्यापन किया जाए। यदि वे अन्य निर्धारित मानदंडों के अनुसार पात्र पाए जाते हैं, तो सीमित प्रतियोगिता परीक्षा उत्तीर्ण करने की शर्त लगाए बिना आठ सप्ताह के भीतर प्रमोशन का औपचारिक आदेश जारी किया जाए।




