Ranchi News: जन्म से नेत्रहीन बेटी के साथ यौन शोषण और जबरन गर्भपात कराने के गंभीर मामले में शुक्रवार को पोक्सो (POCSO) की विशेष अदालत ने पिता और मां को दोषी करार दिया है। विशेष न्यायाधीश (पोक्सो) वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने दोनों को दोषी ठहराते हुए सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए 30 नवंबर की तिथि निर्धारित की है। सुनवाई के दौरान दोनों आरोपियों को जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए न्यायालय में पेश किया गया। मामला बरियातू थाना कांड से जुड़ा है, जिसकी प्राथमिकी 1 जुलाई 2025 को दर्ज कराई गई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि उसके साथ कई वर्षों तक जबरन शारीरिक संबंध बनाया गया, जिससे वह गर्भवती हो गई थी। इसके बाद कांके के बोरेया स्थित चंद्रा अस्पताल में उसका गर्भपात कराया गया। मामले में पुलिस ने अनुसंधान पूरा करने के बाद अदालत में चार्जशीट दाखिल की थी। गवाहों के परीक्षण और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने दोनों को दोषी ठहराया है। दोष सिद्धि के बाद अब 30 नवंबर को होने वाली सुनवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं, जब सजा की अवधि को लेकर अदालत में दलीलें पेश की जाएंगी।





