Ranchi News: भारत के संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए राष्ट्रपति ने झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के पद के कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए नियुक्त किया है। यह नियुक्ति झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक के 27 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने के फलस्वरूप की गई है।
28 नवंबर से संभालेंगे कार्यभार
अधिसूचना के अनुसार, जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद 28 नवंबर 2026 से झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालेंगे और पद के कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। इस संबंध में भारत सरकार के संयुक्त सचिव की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है।
संवैधानिक प्रावधान के तहत नियुक्ति
संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत जब किसी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का पद रिक्त होता है या वे अपने कर्तव्यों का पालन करने में असमर्थ होते हैं, तो राष्ट्रपति उस न्यायालय के अन्य न्यायाधीशों में से किसी एक को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त कर सकते हैं। इसी संवैधानिक व्यवस्था के अंतर्गत जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद को यह दायित्व सौंपा गया है।






