Ranchi News: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) परीक्षा में कथित अनियमितता के मामले में जेल में बंद पूर्व मुख्य सचिव व जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांग्ते की जमानत याचिका पर गुरुवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। अदालत ने सीआईडी को 9 दिसंबर तक याचिकाकर्ता के बिंदुओं पर जवाब दाखिल करने और याचिकाकर्ता को 14 दिसंबर तक प्रतिउत्तर देने का निर्देश दिया है। अगली सुनवाई 16 दिसंबर को होगी।
निचली अदालत से जमानत खारिज होने के बाद हाईकोर्ट में दलील दी गई कि ख्यांग्ते के खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य नहीं है और छापेमारी में भी आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। वहीं, सीआईडी ने उनकी भूमिका संदिग्ध बताते हुए कहा कि टीडीपीएल को परीक्षा का जिम्मा सौंपने में उनकी अहम भूमिका रही, अनियमितताओं की जानकारी के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई और उन पर दो करोड़ रुपये कमीशन लेने का आरोप है।
सीआईडी ने जांच के दौरान उन्हें गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया था और वे जेल में हैं। मामले में अब तक तीन दर्जन से अधिक गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जबकि कथित मुख्य आरोपी अभय तिवारी के स्वीकारोक्ति बयान में भी एजेंसी चयन में ख्यांग्ते की भूमिका का जिक्र किया गया है।





