Ranchi News: झारखंड हाईकोर्ट ने किशोर न्याय अधिनियम (Juvenile Justice Act, 2015) की धारा 12 की व्याख्या करते हुए स्पष्ट किया है कि अपराध की गंभीरता या नाबालिग की उम्र (16 वर्ष से अधिक होने पर भी) उसके जमानत के अधिकार को अस्वीकार करने का आधार नहीं बन सकती। जस्टिस संजय कुमार द्विवेदी की एकल पीठ ने गिरिडीह के एक 17 वर्षीय नाबालिग (12वीं कक्षा के छात्र) को जमानत देते हुए किशोर न्याय बोर्ड (JJB) और चिल्ड्रेन कोर्ट द्वारा जमानत खारिज करने के आदेशों को रद्द कर दिया। याचिकाकर्ता नाबालिग 17 फरवरी 2026 से रिमांड होम (ऑब्जर्वेशन होम) में निरुद्ध था। कोर्ट ने कहा कि कानून में नाबालिगों को जमानत देने के मामले में किसी तरह का वर्गीकरण या भेदभाव नहीं किया गया है।
क्या था पूरा मामला?
गिरिडीह नगर थाना (प्राथमिकी संख्या 33/2026) में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75(2), 77, 78, 351(2), 351(3), 3(5), पॉक्सो एक्ट की धारा 12 तथा आईटी एक्ट की धारा 66ई, 67 और 67ए के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में मुख्य रूप से उस पर पीड़िता की तस्वीर एडिट कर उसे धमकी देने का आरोप लगाया गया था। नाबालिग की जमानत याचिका को गिरिडीह के किशोर न्याय बोर्ड के प्रधान दंडाधिकारी ने 6 अप्रैल 2026 को खारिज कर दिया था। इसके बाद अपर सत्र न्यायाधीश-प्रथम सह विशेष न्यायाधीश (चिल्ड्रेन कोर्ट), गिरिडीह ने भी 6 जून 2026 को क्रिमिनल अपील (संख्या 35/2026) खारिज करते हुए बोर्ड के आदेश को बरकरार रखा था।
हाईकोर्ट में दोनों पक्षों की दलीलें
याचिकाकर्ता का पक्ष: नाबालिग के पिता की ओर से अधिवक्ता रंजन कुमार सिंह और संतोष कुमार ने दलील दी कि याचिकाकर्ता घटना के समय करीब 17 वर्ष का था और कक्षा 12वीं का छात्र है। इसी तरह के आरोप वाले सह-अभियुक्त को हाईकोर्ट की समन्वय पीठ (B.A. No. 3236 of 2026) से पहले ही नियमित जमानत मिल चुकी है। जहां तक नाबालिग और उसके परिजनों पर पूर्व आपराधिक इतिहास का सवाल है, वे मामले राजनीतिक द्वेष से प्रेरित हैं। पिता ने शपथ पत्र देकर बेटे को अच्छे आचरण में रखने और अपराधियों की संगति से दूर रखने का भरोसा भी दिया।
राज्य सरकार का पक्ष: अपर लोक अभियोजक (A.P.P.) अनुराधा सहाय ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि आरोप गंभीर प्रकृति के हैं और दोनों निचली अदालतों ने सही आधार पर जमानत खारिज की है।
झारखंड हाईकोर्ट का फैसला और 4 कड़ी शर्तें
हाईकोर्ट ने पाया कि सामाजिक जांच रिपोर्ट (Social Investigation Report) में नाबालिग के खिलाफ कोई प्रतिकूल टिप्पणी नहीं है और चार्जशीट भी दाखिल हो चुकी है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जेजे एक्ट की धारा 12 के तहत जमानत केवल तीन अपवादों—कुख्यात अपराधियों की संगति में जाने, नैतिक/शारीरिक/मनोवैज्ञानिक खतरे में पड़ने या न्याय का उद्देश्य विफल होने—के ठोस आधार पर ही रोकी जा सकती है। निराधार आशंकाओं और केवल अपराध की गंभीरता के आधार पर जमानत खारिज करना कानून के विरुद्ध है।
अदालत ने निचली अदालतों के आदेशों को रद्द करते हुए नाबालिग के पिता के निजी मुचलके और रिश्तेदारों के दो जमानतदारों के आधार पर निम्नलिखित 4 शर्तों के साथ जमानत मंजूर की:
अच्छे आचरण और संगति का वचन: पिता को यह अंडरटेकिंग देनी होगी कि जमानत पर रिहा होने के बाद नाबालिग किसी ज्ञात अपराधी के संपर्क में नहीं आएगा, किसी नैतिक या शारीरिक खतरे में नहीं पड़ेगा और अपराध की पुनरावृत्ति नहीं करेगा।
पढ़ाई और रचनात्मक गतिविधियों पर जोर: पिता यह भी सुनिश्चित करेंगे कि नाबालिग अपनी पढ़ाई जारी रखे, रचनात्मक कार्यों से जुड़े और अनावश्यक व अनुत्पादक गतिविधियों में समय बर्बाद न करे।
प्रोबेशन ऑफिसर के समक्ष उपस्थिति: नाबालिग और उसके पिता दिसंबर 2026 के दूसरे सोमवार से शुरू करते हुए हर महीने के दूसरे सोमवार को प्रोबेशन ऑफिसर के समक्ष उपस्थित होंगे (छुट्टी होने पर अगले कार्यदिवस पर)।
कड़ी निगरानी और नियमित रिपोर्ट: प्रोबेशन ऑफिसर नाबालिग की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखेंगे और नियमित रूप से सामाजिक जांच रिपोर्ट तैयार कर किशोर न्याय बोर्ड, गिरिडीह को सौंपेंगे।






