Ranchi News: झारखंड हाईकोर्ट में मनी लॉन्ड्रिंग मामले के तहत बरियातू स्थित पल्स संजीवनी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को अटैच (जब्त) करने के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई हुई। मामले में सभी पक्षों की ओर से बहस पूरी होने के बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।
क्या है पूरा मामला? यह मामला खूंटी मनरेगा घोटाला और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस से संबंधित है। इस प्रकरण में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने निलंबित आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल और उनके पति अभिषेक झा सहित कई अन्य के साथ ‘पल्स संजीवनी हेल्थ केयर’ को भी आरोपी बनाया है। ईडी का आरोप है कि खूंटी मनरेगा घोटाले से अर्जित की गई अवैध राशि को इस अस्पताल में निवेश किया गया था।
अथॉरिटी की मुहर के खिलाफ दाखिल की गई है याचिका पूर्व में एडजुकेटिंग अथॉरिटी और अपीलेट अथॉरिटी द्वारा बरियातू रोड स्थित पल्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल तथा पल्स डायग्नोस्टिक एंड इमेजिंग सेंटर को स्थायी रूप से जब्त (अटैच) करने के आदेश पर मुहर लगाई गई थी। इसी आदेश को चुनौती देते हुए झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई है, जिस पर अब अदालत का फैसला आना बाकी है।



