Ranchi News: झारखंड हाईकोर्ट में हजारीबाग में अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से जुड़े मामले में गुरुवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने राज्य सरकार से जवाब मांगते हुए पूछा कि इस मामले में अब तक कितनी गिरफ्तारियां हुई हैं। राज्य सरकार की ओर से बताया गया कि मामले में अनुसंधान जारी है। इस पर अदालत ने जांच अधिकारी (अनुसंधानकर्ता) को शुक्रवार को अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जांच की अद्यतन स्थिति से अवगत कराने का निर्देश दिया है।
क्या है पूरा मामला? यह मामला अनुष्का चक्रवर्ती के भाई देवजीत चक्रवर्ती की ओर से दायर याचिका से जुड़ा है, जिसमें हजारीबाग में हुई बहन की मौत को संदिग्ध बताते हुए स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। गुरुवार को सुनवाई के दौरान प्रार्थी की ओर से अधिवक्ता विकास कुमार ने पक्ष रखा। अदालत को बताया गया कि तीन घंटे के भीतर अनुष्का का दो बार पोस्टमार्टम किया जाना कई सवाल खड़े करता है और उनके शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए थे।

एसआईटी की जांच पर पूर्व में दी गई जानकारी पिछली सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से अदालत को अवगत कराया गया था कि मामले की त्वरित जांच के लिए आठ सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जिसका नेतृत्व एसडीपीओ सदर, हजारीबाग कर रहे हैं। अब अदालत ने जांच अधिकारी को शुक्रवार को हाजिर होकर ताजा प्रगति रिपोर्ट पेश करने को कहा है।



