Ranchi News: झारखंड हाईकोर्ट को नया चीफ मिल गया है। जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक 9 जनवरी 2026 को झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे। इसको लेकर लोकभवन की ओर से औपचारिक आमंत्रण पत्र जारी कर दिया गया है। आमंत्रण पत्र के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह 9 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 9:30 बजे रांची स्थित लोक भवन के बिरसा मंडप में आयोजित किया जाएगा। समारोह में राज्यपाल द्वारा उनको पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। चीफ जस्टिस के रूप में उनका कार्यकाल 28 नवंबर 2026 तक रहेगा। बांबे हाईकोर्ट के दूसरे वरीयतम जज जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक का राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद केंद्रीय कानून मंत्रालय ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। झारखंड हाईकोर्ट के वर्तमान चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान आठ जनवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनकी सेवानिवृत्ति के बाद जस्टिस सोनक चीफ जस्टिस होंगे।
जस्टिस सोनक को अक्तूबर 1988 में उन्हें महाराष्ट्र एवं गोवा बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकित किया गया। इसके बाद उन्होंने बांबे हाईकोर्ट की पणजी पीठ में सिविल व संवैधानिक कानून, श्रम एवं सेवा कानून, पर्यावरण कानून, वाणिज्यिक एवं कर कानून, कंपनी कानून तथा जनहित याचिकाओं के क्षेत्र में व्यापक प्रैक्टिस की। विधिक करियर के दौरान वे केंद्र सरकार के लिए अतिरिक्त स्थाई अधिवक्ता, राज्य सरकार के लिए विशेष अधिवक्ता व निगमों के लिए कानूनी सेवाएं दीं। प्रदान कर चुके हैं। उनकी विधिक दक्षता और अनुभव को देखते हुए 21 जून 2013 को उन्हें बांबे हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया।
गोवा के पणजी से प्राप्त की प्रारंभिक शिक्षा
जस्टिस सोनक का जन्म 28 नवंबर 1964 को हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गोवा के पणजी स्थित डॉन बॉस्को हाई स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने धेम्पे कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस से बीएससी की पढ़ाई की। एमएस कॉलेज ऑफ लॉ, पणजी से प्रथम श्रेणी में एलएलबी की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने जेवियर सेंटर ऑफ हिस्टोरिकल रिसर्च से पुर्तगाली भाषा में डिप्लोमा भी हासिल किया।

