Ranchi News: झारखंड हाईकोर्ट को जल्द नया मुख्य न्यायाधीश मिलने जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट की कॉलेजियम ने जस्टिस एमएस सोनक को झारखंड हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाए जाने की अनुशंसा की है। वर्तमान चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान आगामी 8 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जिसके बाद जस्टिस सोनक के पदभार संभालने का रास्ता साफ हो गया है।
जस्टिस एमएस सोनक का जन्म 28 नवंबर 1964 को हुआ। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा गोवा के डॉन बॉस्को हाई स्कूल, पणजी से पूरी की। इसके बाद उन्होंने धेम्पे कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस से बीएससी तथा एमएस कॉलेज ऑफ लॉ, पणजी से एलएलबी की पढ़ाई प्रथम श्रेणी में पूरी की। यह कॉलेज बॉम्बे यूनिवर्सिटी से संबद्ध है। इसके अलावा उन्हें जेवियर सेंटर ऑफ हिस्टोरिकल रिसर्च द्वारा पुर्तगाली भाषा में डिप्लोमा भी प्रदान किया गया है।
जस्टिस सोनक अक्टूबर 1988 में बार काउंसिल ऑफ महाराष्ट्र एवं गोवा में अधिवक्ता के रूप में नामांकित हुए। उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट की पणजी पीठ में दीवानी व संवैधानिक कानून, श्रम व सेवा कानून, पर्यावरण कानून, वाणिज्यिक व कर कानून, कंपनी कानून तथा जनहित याचिकाओं से जुड़े मामलों में व्यापक प्रैक्टिस की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के अतिरिक्त स्थायी अधिवक्ता, राज्य सरकार के विशेष अधिवक्ता तथा विभिन्न वैधानिक निगमों के लिए भी कार्य किया। उन्हें 21 जून 2013 को बॉम्बे हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। लंबे न्यायिक अनुभव और विविध विधि क्षेत्रों में दक्षता के कारण कॉलेजियम ने उन्हें झारखंड हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस के रूप में चुना है।

